‘बिग बॉस’ की जगह लेगा नया रियलिटी शो ‘प्यार का प्रेशर कुकर’, शिल्पा शेट्टी करेंगी होस्ट

सलमान खान का रियलिटी शो बिग बॉस 20 इस वक्त दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है. शो में रोज ही नए-नए मुद्दे देखने को मिल रहे हैं. टीआरपी के मामले में भी बिग बॉस का इस बार का सीजन काफी अच्छा परफॉर्म कर रहा है. लेकिन कुछ ही हफ्तों में शो खत्म होने वाला है. बिग बॉस के 10 हफ्ते पूरे हो चुके हैं और अब सिर्फ 5 हफ्ते और बाकी हैं. ऐसे में दर्शकों की चिंता अभी से बढ़ गई है कि बिग बॉस के बाद क्या देखें? बता दें कि बिग बॉस की जगह एक नया रियलिटी शो लेने जा रहा है. जी हां, इस शो का नाम है ‘प्यार का प्रेशर कुकर’.
खास बात ये है कि इस शो को शिल्पा शेट्टी होस्ट करने वाली हैं. यह शो रिश्तों, प्यार, कमिटमेंट और माता-पिता की दखलअंदाजी जैसे मुद्दों पर आधारित होगा. इसे भारत का पहला ऐसा रिलेशनशिप क्लैरिटी शो बताया जा रहा है, जिसमें अलग-अलग तरह के रिश्तों में उलझे कपल्स नजर आएंगे. इसमें ऐसे जोड़े भी शामिल होंगे, जो अभी सिर्फ एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अपने रिश्ते को कोई नाम नहीं दे पाए हैं. वहीं, कुछ ऐसे कपल्स भी होंगे जो लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं, लेकिन शादी या रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाने का फैसला नहीं कर पा रहे हैं.
क्या है शो का कॉनसेप्ट?
शो की शूटिंग एक ही घर के अंदर होगी, जहां कपल्स को उन सवालों और मुद्दों पर खुलकर बात करनी होगी, जिनसे वे अब तक बचते आए हैं. खास बात यह है कि इस शो में कंटेस्टेंट्स के माता-पिता भी शामिल होंगे. वे अपने बच्चों के रिश्तों पर अपनी राय रखेंगे और उन्हें किसी फैसले तक पहुंचने में मदद करेंगे.
‘जोड़ो या तोड़ो’ पर आधारित शो
शो की पूरी थीम ‘जोड़ो या तोड़ो’ पर आधारित है. इसमें प्रेशर कुकर और उसकी सीटी के जरिए रिश्तों में छिपी सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जाएगी. शो में इस सीटी को ‘क्लैरिटी की सीटी’ नाम दिया गया है. यानी जब रिश्तों को लेकर कोई बड़ी बात सामने आएगी या किसी उलझन का जवाब मिलेगा, तो इसे सीटी के जरिए दिखाया जाएगा. फिलहाल शो कब से ऑनएयर होगा. इसका ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन बिग बॉस खत्म होने के बाद ये कलर्स और जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा.
शो का प्रोमो भी हुआ जारी
शो की घोषणा के साथ शिल्पा शेट्टी का एक प्रमोशनल वीडियो भी जारी किया गया है. इसमें वह रिश्तों के बदलते तौर-तरीकों और आज के दौर में प्यार की नई परिभाषा के बारे में बात करती नजर आती हैं. वह पुराने समय के माता-पिता की सख्त सोच की तुलना आज के युवाओं की डेटिंग और रिलेशनशिप से करती हैं.
View this post on Instagram
शो को लेकर क्या बोलीं शिल्पा शेट्टी?
शो को होस्ट करने को लेकर शिल्पा शेट्टी ने कहा, “मुझे ‘प्यार का प्रेशर कुकर’ की सबसे अच्छी बात इसका नया अंदाज लगता है. यह भारत का पहला ऐसा रिलेशनशिप शो है, जिसमें माता-पिता भी आकर बच्चों को हकीकत से रूबरू कराएंगे. यह शो सिर्फ कपल्स के लिए ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के लिए भी दिलचस्प होगा. इसमें लोग खुलकर अपनी बात रख पाएंगे और बता सकेंगे कि वे असल में क्या चाहते हैं. मैं इस शो को होस्ट करने के लिए काफी उत्साहित हूं.”




