अजब-गजब

AI कैमरे का गजब कारनामा! 1 KM ज्यादा स्पीड पर 2000 का चालान, लोकेशन देख माथा पकड़ लेंगे आप

यमुना एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाते समय अगर आपकी स्पीड लिमिट से सिर्फ 1 किलोमीटर प्रति घंटा ज्यादा हो जाए, तो आपको 2000 रुपये का चालान भरना पड़ सकता है. कम से कम एक वाहन चालक के साथ तो ऐसा ही हुआ है. इस मामले ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. कोई ट्रैफिक नियमों का समर्थन कर रहा है, तो कोई AI कैमरों के वर्किंग स्टाइल पर सवाल उठा रहा है.

दरअसल, X (पहले ट्विटर) पर अनुजीत शिवम नाम के यूजर, जिनका हैंडल @anujitshivam है, ने अपना चालान शेयर किया. उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाते समय उन्हें 2000 रुपये का ई-चालान भेज दिया गया. हैरानी की बात यह थी कि उनकी गाड़ी की रफ्तार 101 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई थी, जबकि वहां स्पीड लिमिट 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी. यानी लिमिट से महज 1 किलोमीटर प्रति घंटा ज्यादा रफ्तार और सीधे 2000 रुपये का जुर्माना! यूजर ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि सिर्फ 1 km/h. बस इतनी सी बात.

गाड़ी सड़क पर और लोकेशन अटलांटिक में!

हालांकि इस पूरे मामले में असली दिलचस्प मोड़ तब आया, जब चालान में दर्ज लोकेशन पर नजर पड़ी. स्पीड कैमरे ने गाड़ी की लोकेशन 0°N, 0°E दर्ज की थी. अगर आपको यह जगह समझ नहीं आई, तो बता दें कि यह लोकेशन अटलांटिक महासागर के बीचों-बीच पड़ती है.

अब सवाल यह है कि गाड़ी यमुना एक्सप्रेसवे पर चल रही थी या कैमरे की नजर में सीधे समंदर पहुंच गई थी? अनुजीत ने इस मामले में नोएडा ट्रैफिक पुलिस और यूपी ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए पूछा कि क्या सड़क सुरक्षा का यही तरीका है? इस पर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जवाब दिया कि वह ई-चालान हेल्पलाइन नंबर 7065060882 पर संपर्क करें.

पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी. एक यूजर ने लिखा कि 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड लिमिट का मतलब यह नहीं है कि हर हाल में 100 की रफ्तार से ही गाड़ी चलानी चाहिए. यह अधिकतम सीमा है और सुरक्षित रहने के लिए 90 से 95 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार बेहतर है. वहीं, एक दूसरे यूजर ने AI कैमरों पर तंज कसते हुए कहा कि मशीनों के पास न भावनाएं होती हैं और न ही इंसानों जैसी समझ. वे तस्वीर खींचती हैं और सिस्टम में स्पीड के आधार पर कार्रवाई हो जाती है.

कुछ लोगों ने इस मामले में कानूनी पहलू भी उठाया. एक यूजर ने दावा किया कि कई देशों में स्पीड लिमिट से 10 प्रतिशत तक की छूट मिलती है, जबकि भारत में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5 प्रतिशत की गुंजाइश है. उसने 101 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चालान को गलत बताते हुए जुर्माना न भरने की सलाह भी दी. एक अन्य यूजर ने कथित सरकारी नोटिफिकेशन शेयर करते हुए दावा किया कि स्पीड लिमिट से 5 प्रतिशत ज्यादा रफ्तार को अपराध नहीं माना जाना चाहिए. हालांकि, इन कानूनी दावों की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है.

यह भी पढ़ें: UPSC की तैयारी में 1000 पेन खत्म! शख्स ने दिखाई अपनी मेहनत की पूरी कहानी

कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे की स्पीड लिमिट पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि यमुना एक्सप्रेसवे पर अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं है, तो एक्सप्रेसवे के नाम पर टोल वसूलने का क्या मतलब है?फिलहाल, इस एक चालान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या 1 किलोमीटर प्रति घंटा की गलती पर 2000 रुपये का जुर्माना सही है? क्या AI कैमरों को थोड़ी तकनीकी छूट मिलनी चाहिए? और सबसे बड़ा सवाल, जब लोकेशन ही अटलांटिक महासागर पहुंच जाए, तो चालान पर आंख बंद करके भरोसा कैसे किया जाए?

यहां देखिए पोस्ट

Related Articles

Back to top button