शार्क टैंक में जाता तो करोड़ों मिलते! 50 रुपये वाले इस जुगाड़ ने जीता दिल

लंबी बाइक राइड का मजा तभी आता है, जब रास्ते में बार-बार रुकने की जरूरत न पड़े. लेकिन गर्मी के मौसम में बाइक चलाते समय प्यास लगना आम बात है. ऐसे में पानी पीने के लिए बाइक रोकनी पड़ती है, हेलमेट उतारना पड़ता है और फिर से सफर शुरू करना पड़ता है. इस परेशानी से बचने के लिए बाजार में हाइड्रेशन पैक भी मिलते हैं, लेकिन इनकी कीमत आमतौर पर 2,000 से 3,000 रुपये या इससे भी ज्यादा होती है. अब एक बाइक लवर ने इसका ऐसा सस्ता देसी जुगाड़ निकाला है, जिसे देखकर लोग भी हैरान हैं.
इस जुगाड़ की सबसे खास बात यह है कि इसे तैयार करने में सिर्फ 50 रुपये के आसपास खर्च आता है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस आइडिया की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. कुछ यूजर्स तो मजाक में कह रहे हैं कि ऐसा दिमाग देखकर शार्क टैंक वालों को भी अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ जाएगी.
आखिर क्या है 50 रुपये वाला यह देसी हाइड्रेशन पैक?
इंस्टाग्राम पर @veg_wolfe हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो में बाइकर्स का एक ग्रुप नजर आता है. इसी ग्रुप में एक ऐसा बाइकर भी है, जिसने अपनी परेशानी का बेहद आसान समाधान निकाल लिया है. दरअसल, उसने अपने बैग में पानी की एक साधारण बोतल रखी है. इसके साथ अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाला मेडिकल ड्रिप सेट जोड़ दिया है. ड्रिप सेट में लगी लंबी और पतली ट्यूब को बोतल के ढक्कन से कनेक्ट किया गया है. ट्यूब का दूसरा सिरा हेलमेट के पास रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर वह आसानी से मुंह तक पहुंच सके.
अब इस सिस्टम में कमाल देखिए. बाइकर को जब भी प्यास लगती है, वह ट्यूब से पानी खींच लेता है. यानी न बोतल निकालने का झंझट और न ही बार-बार बाइक रोकने की जरूरत. वीडियो में यह जुगाड़ देखकर लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं. इसे उमेश शास्त्री ने भी शेयर किया है.
कैसे बना सकते हैं यह सस्ता हाइड्रेशन सिस्टम?
इसे बनाने के लिए किसी खास मशीन या तकनीकी जानकारी की जरूरत नहीं है. मेडिकल स्टोर से करीब 30 से 50 रुपये का ड्रिप सेट और एक सामान्य पानी की बोतल लेनी होगी. इसके बाद बोतल के ढक्कन में ट्यूब को अच्छी तरह फिट करने के लिए सही कनेक्टर और लीक-प्रूफ सील का इस्तेमाल करना होगा. ट्यूब को बैग से बाहर निकालकर इस तरह सेट करें कि वह आसानी से मुंह तक पहुंच सके.
हालांकि, इस्तेमाल से पहले यह जरूर सुनिश्चित करें कि पानी के संपर्क में आने वाले सभी हिस्से साफ और पीने योग्य सामग्री के हों. मेडिकल ड्रिप सेट को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उसकी स्वच्छता और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है. लंबी दूरी की राइड करने वाले बाइकर्स के लिए यह आइडिया काफी दिलचस्प है. कम खर्च में तैयार होने वाला यह सिस्टम दिखाता है कि छोटी-सी परेशानी का समाधान निकालने के लिए हमेशा हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं होती. हालांकि, बाइक चलाते समय ट्यूब से पानी पीना भी ध्यान भटका सकता है. इसलिए सुरक्षित जगह पर रुककर पानी पीना सबसे बेहतर है. आखिरकार, राइड का असली मजा तभी है जब सफर भी शानदार हो और सुरक्षा भी बनी रहे.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




