शिक्षा

RRB Group D PET 2026: दौड़ से लेकर वजन उठाने तक, जानें महिला-पुरुषों के लिए फिजिकल टेस्ट के नियम

रेलवे ग्रुप डी भर्ती की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में सफल उम्मीदवारों को अब अगले राउंड की तैयारी करनी होगी. भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी शामिल है, जिसमें उम्मीदवारों की दौड़ने और वजन उठाने की क्षमता चेक की जाएगी. रेलवे ने महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शारीरिक मानक निर्धारित किए हैं. पुरुष उम्मीदवारों को 35 किलो और महिला उम्मीदवारों को 20 किलो वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी तय करनी होगी.

इसके अलावा एक किलोमीटर की दौड़ भी निर्धारित समय में पूरी करनी होगी. PET पास करना अगले चरण में पहुंचने के लिए जरूरी है. रेलवे ग्रुप डी की शारीरिक दक्षता परीक्षा में उम्मीदवारों को दो टेस्ट देने होंगे. पहले चरण में वजन उठाकर निर्धारित दूरी तय करनी होगी. इसके बाद दौड़ का आयोजन किया जाएगा. दोनों परीक्षाओं में सफल होना अनिवार्य है. किसी एक टेस्ट में असफल होने पर उम्मीदवार को PET में अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा.

पुरुष उम्मीदवारों के लिए PET के मानक

पुरुष अभ्यर्थियों को 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी. इस दौरान वजन को जमीन पर रखने की अनुमति नहीं होगी. इसके बाद उन्हें 1,000 मीटर यानी एक किलोमीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी होगी. दोनों स्पर्धाओं में उम्मीदवारों को केवल एक-एक मौका मिलेगा. निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा नहीं करने पर अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं माना जाएगा.

महिला उम्मीदवारों को कितना वजन उठाना होगा?

महिला अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के नियम अलग हैं. उन्हें 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में तय करनी होगी. इसके बाद एक किलोमीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकंड में पूरी करनी होगी. ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए भी महिला अभ्यर्थियों के समान शारीरिक मानक लागू होंगे. दोनों टेस्ट पास करना सभी के लिए जरूरी है.

PET में इन नियमों का रखना होगा ध्यान

रेलवे के अनुसार, सबसे पहले वजन उठाने का टेस्ट होगा. इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को आराम का समय दिया जाएगा. इसके बाद दौड़ आयोजित की जाएगी. वजन उठाने के लिए बिना हत्थे वाला रेत का बोरा दिया जाएगा. उम्मीदवार को इसे जमीन से ऊपर रखते हुए निर्धारित दूरी पूरी करनी होगी. बीच में बोरा जमीन पर रखने पर अभ्यर्थी असफल हो जाएगा. रेलवे ने उम्मीदवारों को अपनी शारीरिक क्षमता और हेल्थ का ध्यान रखने की सलाह दी है. PET के दौरान किसी तरह की चोट लगने पर रेलवे इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगा.

किन उम्मीदवारों को PET से मिलेगी छूट?

रेलवे भर्ती के नियमों के अनुसार, बेंचमार्क दिव्यांगता वाले पात्र उम्मीदवारों को PET से छूट दी गई है. हालांकि, उन्हें संबंधित पद के लिए निर्धारित मेडिकल टेस्ट पास करना होगी. रेलवे प्रतिष्ठानों में ट्रेनिंग पूरी करने वाले एक्ट अप्रेंटिस (CCAA) और भूतपूर्व सैनिकों को भी PET में शामिल नहीं होना होगा. वहीं, गर्भवती महिला उम्मीदवारों के लिए विशेष प्रावधान हैं. गर्भवती पाए जाने पर उन्हें अस्थायी रूप से अयोग्य माना जाएगा और नियुक्ति प्रक्रिया रोक दी जाएगी. बच्चे के जन्म के छह सप्ताह बाद मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने पर उन्हें दोबारा PET देने का अवसर मिलेगा.

क्या PET के अंक मेरिट लिस्ट में जुड़ेंगे?

रेलवे ग्रुप डी PET केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा. यानी इसमें प्राप्त अंकों को फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार करते समय नहीं जोड़ा जाएगा. हालांकि, PET पास करना जरूरी है. इसमें सफल उम्मीदवार ही अगले चरण यानी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए आगे बढ़ सकेंगे.

Related Articles

Back to top button