DU का 103वां दीक्षांत समारोह आज, 92,000 से अधिक छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) 20 नवंबर, 2026 को अपना 103वां दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा. डीयू के 103वें दीक्षांत समाराेह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य शामिल होंगे. डीयू अपने 103वें दीक्षांत समारोह में 92,000 से अधिक छात्रों को उनकी डिग्रियां देगा. इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर पूरी कर चुके छात्र शामिल हैं. तो वहीं दीक्षांत समारोह में पीएचडी पूरी कर चुके छात्रों को भी उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. डीयू ने दीक्षांत समारोह को लेकर सभी छात्रों को सूचना भेज दी गई है.
आइए, विस्तार से जानते हैं कि डीयू का 103वां दीक्षांत समारोह कितने बजे से आयोजित किया जाएगा. नंबर गेम में जानेंगे कि कितने स्नताक, परास्नातक छात्रों को उनकी डिग्रियां दी जानी हैं. साथ ही जानेंगे कि इस दीक्षांत समारोह के साथ ही डीयू में क्या बदलने जा रहा है.
सुबह 9.30 बजे से दीक्षांत समारोह
डीयू का 103वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार, 20 नवंबर, 2026 को सुबह 9.30 बजे से आयोजित किया जाएगा. दीक्षांत समारोह डीयू स्पोर्ट्स स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित किया जाएगा. इसके लिए गुरुवार को ही सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी.
कितने छात्रों को दी जाएंगी डिग्रियां
डीयू की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार 103वें दीक्षांत समारोह में कुल92,466 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जानी हैं. इनमें 85,231 छात्र स्नातक के हैं तो वहीं 7,235 छात्र स्नातकोत्तर के हैं. इसके अलावा, 400 से अधिक PhD स्कॉलर्स को उनकी डॉक्टरेट की डिग्रियां दी जाएंगी. दीक्षांत समारोह के दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 163 स्वर्ण पदक, एक रजत पदक और 34 पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे.
पहली बार पढ़ाई पूरी करने वाले साल में मिलेंगी डिग्रियां
डीयू 103वें दीक्षांत समारोह के साथ एक अहम बदलाव करने जा रहा है. पहली बार, छात्रों को उसी वर्ष उनकी डिग्रियां मिलेंगी, जिस वर्ष वे अपना शैक्षणिक कार्यक्रम पूरा कर रहे हैं. असल में पहले, छात्रों को अपनी डिग्रियां पाने के लिए अक्सर दीक्षांत समारोह का इंतजार करना पड़ता था. डीयू ने देरी को कम करने और प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए यह बदलाव किया है. इसी कड़ी मेंऐसा पहली बार होगा जब छात्र उसी कैलेंडर वर्ष में अपनी डिग्रियां प्राप्त करेंगे, जिस वर्ष वे अपना कोर्स पूरा करेंगे.कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह के अनुसार, यह फैसला छात्रों की शैक्षणिक और पेशेवर जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.




