अजब-गजब

CCTV में कैद हुई थी अजीब चोरी, साइकिल के हैंडल पर रखकर सामान लेकर भागा शख्स

ब्रिटेन में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना का दिलचस्प अंत हुआ है. यहां एक गार्डन सेंटर से चोरी हुई विशाल ओरंगुटान की मूर्ति करीब दो महीने बाद पुलिस को मिल गई है. इस मूर्ति की कीमत 799 पाउंड यानी करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है. खास बात यह है कि चोर इस भारी-भरकम मूर्ति को कार या किसी बड़े वाहन में नहीं, बल्कि अपनी साइकिल के हैंडल पर रखकर ले गया था. पुलिस ने मूर्ति बरामद करने के बाद उसका नाम भी रख दिया है.

यह मामला ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर इलाके का है. जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर को हॉर्निंगसी स्थित स्कॉट्सडेल्स गार्डन सेंटर से ओरंगुटान की बड़ी मूर्ति चोरी हो गई थी. गार्डन सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई थी. फुटेज में एक व्यक्ति मूर्ति को साइकिल के हैंडल पर टिकाकर वहां से निकलता दिखाई दिया. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी.

मूर्ति चुराकर साइकिल पर भागा चोर

कैम्ब्रिजशायर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 61 वर्षीय डेरेक लुंडग्रेन को गिरफ्तार किया गया था. वह सॉस्टन के न्यू रोड इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने 12 नवंबर को बताया कि डेरेक को 9 नवंबर को इप्सविच मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया था. वहां उसने दुकान से चोरी करने और पहले मिली तीन निलंबित सजाओं की शर्तों का उल्लंघन करने का जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद अदालत ने उसे एक साल और 11 महीने जेल की सजा सुनाई. मामले की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी पीसी डेनजेल बोआची ने कहा कि डेरेक लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. अदालत की ओर से पहले भी उसे सुधरने के कई मौके दिए गए, लेकिन उसने अपना रवैया नहीं बदला. आखिरकार उसकी लगातार की जा रही हरकतों का नतीजा उसे भुगतना पड़ा और अब उसे जेल जाना होगा.

हालांकि, मूर्ति की तलाश अभी पूरी नहीं हुई थी. पुलिस को इसकी बरामदगी में एक आम नागरिक से मिली जानकारी ने मदद की. दरअसल, डेरेक की गिरफ्तारी और सजा की खबर जब सार्वजनिक हुई तो इसके बाद पुलिस को एक व्यक्ति ने मूर्ति के बारे में अहम जानकारी दी. 20 नवंबर को पुलिस ने बताया कि इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने कैम्ब्रिजशायर के टेवरशम इलाके में एक पते पर छापा मारा. वहां उन्हें चोरी हुई ओरंगुटान की मूर्ति मिल गई. पुलिस ने इस मामले में एक महिला को भी गिरफ्तार किया. महिला ने चोरी का सामान अपने पास रखने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे सशर्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.

यह भी पढ़ें: नर्स की नौकरी छोड़ बनीं फुलटाइम कंटेंट क्रिएटर, 7 महीने में ब्रांड डील से कमाए इतने पैसेकमाई जानकर रह जाएंगे हैरान

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प बात पुलिस की ओर से मूर्ति को दिया गया नाम है. अधिकारियों ने इस विशाल ओरंगुटान को ‘ब्रूस’ नाम दिया है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि अब ब्रूस को वापस गार्डन सेंटर पहुंचाया जाएगा. सितंबर में हुई चोरी के बाद से ही यह मूर्ति गायब थी. करीब दो महीने तक चली तलाश के बाद आखिरकार पुलिस इसे ढूंढने में कामयाब रही. एक साइकिल पर विशाल मूर्ति लेकर भागने की घटना और फिर उसका नाम ब्रूस रखे जाने की वजह से यह मामला ब्रिटेन में काफी चर्चा में है.

Related Articles

Back to top button