शिक्षा

स्कूलों में मोबाइल बैन का दिखा असर, बच्चों की परफॉर्मेंस में सुधार, हार्वर्ड की स्टडी में खुलासा

स्कूलों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई और एकाग्रता को प्रभावित कर सकता है. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर एजुकेशन पॉलिसी रिसर्च की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि जिन स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाई गई, वहां पर स्टूडेंट्स के एकेडमिक परफॉर्मेंस में सुधार हुआ. अमेरिका के 46 राज्यों के हजारों स्कूलों में किए गए इस स्टडी में मैथ्स और रीडिंग के अंकों में सकारात्मक बदलाव दर्ज किया गया. खास बात यह है कि मोबाइल पर प्रतिबंध का फायदा कमजोर के साथ औसत और अच्छे प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी मिला.

इस स्टडी में अमेरिका के करीब 4600 स्कूलों के 33 लाख स्टूडेंट्स को शामिल किया गया. ये स्टूडेंट्स तीसरी से 10वीं कक्षा तक के थे. रिसर्चर्स ने 2021 से 2026 के बीच छात्रों की व्यक्तिगत एकेडमिक प्रगति का आकलन किया. इसमें उन स्कूलों के नतीजों की तुलना की गई, जहां मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदी थी और जहां ऐसी रोक नहीं थी. जिन स्कूलों में विद्यार्थियों को पूरे दिन मोबाइल फोन विशेष पाउच में बंद रखने पड़ते थे, वहां मैथ्स और रीडिंग के प्रदर्शन में सुधार देखा गया. इससे पता चलता है कि कक्षा में फोन से दूरी बच्चों का ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करने में मदद कर सकती है.

अतिरिक्त पढ़ाई के बराबर हुआ फायदा

रिपोर्ट के मुताबिक, मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने वाले स्कूलों में छात्रों के अंकों में इतना सुधार हुआ, जितना सामान्य परिस्थितियों में एक साल के दौरान एक से दो सप्ताह की अतिरिक्त पढ़ाई कराने से हो सकता है. यह बदलाव केवल पढ़ाई में कमजोर स्टूडेंट्स तक सीमित नहीं रहा. औसत और अच्छे अंक लाने वाले बच्चों के प्रदर्शन में भी सकारात्मक असर दिखाई दिया.

पढ़ाई में गिरावट की आधी भरपाई

स्टडी में यह भी सामने आया कि मोबाइल पर सख्ती से रोक लगाने से छात्रों की पढ़ाई में पहले से आ रही गिरावट को कम करने में मदद मिली. रिसर्चर्स के अनुसार, इससे 2010 के दशक के मध्य से जारी एकेडमिक परफॉर्मेंस में सालाना गिरावट की लगभग आधी भरपाई हुई.

रीडिंग और एकाग्रता में भी सुधार

फोन से दूरी बनाने का सबसे स्पष्ट फायदा रीडिंग के परफॉर्मेंस में देखने को मिला. छात्रों के अंक गिरने की दर कम हुई, जिससे संकेत मिलता है कि वो पढ़ने और समझने के दौरान पहले से बेहतर एकाग्रता बनाए रख सके. रिपोर्ट के अनुसार, 2018 तक लगभग सभी अमेरिकी किशोरों के पास मोबाइल फोन पहुंच चुका था. इसके बाद 46 राज्यों में स्कूलों ने फोन के इस्तेमाल पर पाबंदियां लगाईं. स्टडी के नतीजे बताते हैं कि स्कूलों में मोबाइल फोन के सीमित इस्तेमाल से बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाया जा सकता है.

Related Articles

Back to top button