अजब-गजब

न कोई बड़ा वादा, न प्यार का इजहार, माता-पिता की इस छोटी सी हरकत ने सबका दिल जीत लिया

माता-पिता का प्यार जताने का तरीका अक्सर दूसरों से अलग होता है. वे हर बार अपने बच्चों से यह नहीं कहते कि वे उनसे कितना प्यार करते हैं, लेकिन उनकी छोटी-छोटी हरकतों में यह बात साफ नजर आती है. कभी घर से निकलते वक्त बार-बार संभलकर जाने की सलाह देना, कभी रास्ते में फोन करके हाल पूछना और कभी स्टेशन पर ट्रेन छूटने तक इंतजार करना. प्यार जताने के ऐसे ही एक खूबसूरत पल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है.

दरअसल, इंस्टाग्राम पर अनुष्का नाम की एक यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है. इसमें उनके माता-पिता उन्हें रेलवे स्टेशन छोड़ने आए हैं. आमतौर पर जब कोई घर का सदस्य ट्रेन में बैठ जाता है, तो परिवार के लोग उसे विदा करके वापस लौट जाते हैं. लेकिन अनुष्का के माता-पिता ने ऐसा नहीं किया. वे ट्रेन के प्लेटफॉर्म से रवाना होने तक वहीं खड़े रहे.

वीडियो में दिखा प्यार का अनोखा अंदाज

वीडियो में देखा जा सकता है कि अनुष्का के माता-पिता उन्हें ट्रेन में बैठाने के बाद भी प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहते हैं. उनकी नजरें लगातार ट्रेन और अपनी बेटी पर टिकी रहती हैं. जैसे ही ट्रेन चलना शुरू करती है, उनके पिता भी कुछ दूर तक ट्रेन के साथ चलते दिखाई देते हैं. उनके चेहरे के भाव और बेटी को विदा करने का अंदाज बिना कुछ कहे ही बहुत कुछ बयां कर देता है.

इस वीडियो पर लिखा गया है, ‘वे काम जो माता-पिता आई लव यू कहने के बजाय करते हैं.’ यह लाइन इस पूरे वीडियो का सबसे खूबसूरत हिस्सा है. दरअसल, कई बार माता-पिता अपने प्यार को शब्दों में जाहिर नहीं कर पाते, लेकिन उनके काम यह बता देते हैं कि उनके बच्चे उनके लिए कितने खास हैं.

अनुष्का ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, मैं उनसे बहुत प्यार करती हूं! उनका यह छोटा सा संदेश भी वीडियो के भाव को और खास बना देता है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं. कई यूजर्स ने अपने माता-पिता को याद किया, तो कुछ ने कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे पल जिंदगी भर याद रहते हैं.

एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, जिस तरह तुम्हारे पापा सबसे पीछे चुपचाप खड़े थे, दूसरों के साथ हंसकर अपने आंसू छिपाने की कोशिश कर रहे थे, फिर ट्रेन चलने पर नम आंखों से उसके साथ-साथ चलने लगे और आखिर में अंगूठा दिखाकर तुम्हें विदा किया, वह सब कुछ कह जाता है. इन भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा, भगवान सभी माता-पिता को लंबी और खुशहाल जिंदगी दें. एक अन्य यूजर ने इस प्यारे से पल पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, बहुत ही प्यारा.

यह भी पढ़ें: CCTV में कैद हुई थी अजीब चोरी, साइकिल के हैंडल पर रखकर सामान लेकर भागा शख्स

इस वीडियो ने एक बार फिर याद दिलाया है कि माता-पिता का प्यार हमेशा बड़े-बड़े शब्दों या इजहार का मोहताज नहीं होता. कभी स्टेशन पर कुछ देर ज्यादा रुक जाना, कभी ट्रेन के साथ कुछ कदम चलना और जाते-जाते मुस्कुराकर हाथ हिला देना ही उनके प्यार की सबसे खूबसूरत निशानी बन जाता है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Anushka (@anushka_oyeee) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button