IT मद्रास स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम 2027 के आवेदन शुरू, इन स्टूडेंट्स को AI समेत 20 कोर्स करने का मौका

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT मद्रास) ने स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम 2027 के जनवरी बैच के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं. इस प्रोग्राम के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र 20 ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग और गेम टेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं.
इन कोर्स के जरिए स्कूली छात्रों को कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले अलग-अलग क्षेत्रों की जानकारी मिलेगी. इच्छुक छात्र 8 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं. कोर्स की शुरुआत 11 जनवरी से होगी. IIT मद्रास के इस प्रोग्राम में मैथ्स, साइंस, मानविकी, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग और कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों के कुल 20 कोर्स शामिल हैं. इनकी मदद से छात्र अपनी पसंद के विषयों को समझने और भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी हासिल कर सकेंगे.
कोर्स की लिस्ट
- मैथ्स और साइंस: मैथ अनप्लग्ड, स्टैटिस्टिक्स, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, फोरेंसिक साइंस और मानव शरीर की रक्षा प्रणाली.
- मानविकी और प्रबंधन: अर्थशास्त्र एवं वित्त, मानविकी, कानून और डिजिटल ह्यूमैनिटीज.
- इंजीनियरिंग: डिस्कवर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, आर्किटेक्चर, प्रोडक्ट डिजाइन, बायोलॉजिकल सिस्टम और एयरोस्पेस.
- कंप्यूटिंग: डेटा साइंस एवं AI, साइबर सिक्योरिटी और गेम टेक्नोलॉजी.
- कुछ कोर्स खास तौर पर कक्षा 9वीं-10वीं या 11वीं-12वीं के स्टूडेंट्स के लिए निर्धारित किए गए हैं.
8 सप्ताह का होगा ऑनलाइन प्रोग्राम
ये सभी कोर्स 8 सप्ताह की अवधि के होंगे. इनमें छात्रों को हर सोमवार रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर उपलब्ध कराए जाएंगे. प्रत्येक सप्ताह की पढ़ाई लगभग एक घंटे की होगी. स्टूडेंट अपनी सुविधा के अनुसार इन वीडियो को देख सकेंगे. इसके अलावा शनिवार को लाइव इंटरैक्टिव क्लास आयोजित होंगी. इनके लिए शाम 5 से 6 बजे, 6 से 7 बजे और 7 से 8 बजे तक तीन स्लॉट निर्धारित किए गए हैं. कोर्स शुरू होने के बाद छात्रों को उनके संबंधित लाइव क्लास का समय बताया जाएगा.
चार असाइनमेंट भी करने होंगे
कोर्स पूरा करने के दौरान स्टूडेंट्स को कुल चार ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने होंगे. हर दो सप्ताह में एक असाइनमेंट दिया जाएगा और उसे पूरा करने के लिए भी दो सप्ताह का समय मिलेगा. छात्र निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन असाइनमेंट जमा कर सकेंगे.
कितनी है फीस और कब तक करें आवेदन?
IIT मद्रास के स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम में प्रत्येक कोर्स की फीस 500 रुपये रखी गई है. जनवरी 2027 बैच की शुरुआत 11 जनवरी से होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 8 जनवरी 2027 है. इच्छुक स्टूडेंट आधिकारिक वेबसाइट code.iitm.ac.in/schoolconnect पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के दौरान दी गई ईमेल आईडी के माध्यम से छात्रों को कोर्स की स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराई जाएगी.
अब तक 2.25 लाख छात्र उठा चुके हैं फायदा
IIT मद्रास के मुताबिक, स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम से अब तक 6,500 से ज्यादा स्कूलों के 2.25 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स जुड़ चुके हैं. इस प्रोग्राम के सर्टिफिकेट कोर्स साल में चार बार जनवरी, अप्रैल, अगस्त और अक्टूबर में आयोजित किए जाते हैं. इसका उद्देश्य स्कूली स्टूडेंट्स को हायर एजुकेशन और करियर के अलग-अलग क्षेत्रों से परिचित कराना है.




