उत्तर प्रदेश

पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, परिवार में मचा कोहराम

न्यूज़ ऑफ इंडिया (एजेंसी)

दरियाबाद बाराबंकी। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के मिश्री का पुरवा मजरे इटौरा गांव में सोमवार सुबह एक 32 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान अमर पुत्र ननकू निवासी मिश्री का पुरवा, मजरे इटौरा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार सुबह शौच के लिए गए एक युवक ने गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत के किनारे लगे यूकेलिप्टिस के पेड़ से अमर का शव लटका देखा। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी।

परिजनों ने बताया कि अमर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह रविवार शाम से घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। अमर अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 14 वर्षीय पुत्री निधि, 9 वर्षीय पुत्री सौम्या तथा 6 वर्षीय पुत्र आदर्श को छोड़ गए हैं।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button