KBC 18 में भूषण ठाकरे से 1 करोड़ रुपये के लिए पूछा गया ये सवाल, क्या आप दे पाएंगे जवाब?

Kaun Banega Crorepati 18: अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के पहले करोड़पति बने भूषण ठाकरे ने अपने आत्मविश्वास और ज्ञान के दम पर 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है. सबसे खास बात ये रही कि 1 करोड़ रुपये के सवाल का जवाब देने के लिए उन्होंने लाइफलाइन का इस्तेमाल नहीं किया. बिना किसी लाइफलाइन के उन्होंने सवाल का सही जवाद दिया और बन गए KBC 18 के पहले करोड़पति.
1 करोड़ रुपये की धनराशि के लिए भूषण ठाकरे के सामने भारतीय संविधान सभा की बहस से जुड़ा ये सवाल रखा गया था- “2 अगस्त 1949 को भारत की संविधान सभा में आपातकालीन शक्तियों के दुरुपयोग के खतरों पर चर्चा के दौरान श्री एच वी कामथ ने किस संविधान का उल्लेख किया था?”
इसके चार विकल्प थे-
- A: फ्रैंकफर्ट संविधान
- B: आयरिश संविधान
- C: वाइमर संविधान
- D: मेइजी संविधान
इतिहास के छात्र रहे भूषण को इस सवाल का जवाब पता था. उन्होंने बिना समय गंवाए बिना किसी संकोच और बिना किसी लाइफलाइन का सहारा लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ ‘C: वाइमर संविधान’ लॉक किया, जो बिल्कुल सही निकला और वे 1 करोड़ रुपये के विजेता बन गए.
50 लाख के पड़ाव पर दो लाइफलाइन में से एक का इस्तेमाल
50 लाख रुपये के पड़ाव पर भी उन्होंने अपनी सूझबूझ से एक बड़ी चुनौती पार की थी. 1 करोड़ तक पहुंचने से पहले 50 लाख रुपये के सवाल पर भूषण के पास दो लाइफलाइन बाकी थीं. उस सवाल को लेकर वे पूरी तरह श्योर नहीं थे, इसलिए उन्होंने ‘फ्लिप द क्वेश्चन’ लाइफलाइन का इस्तेमाल किया. इस लाइफलाइन के तहत उन्हें दो नए सवालों का विकल्प मिला, जिनमें से उन्होंने बिना किसी बाहरी सहारे के खुद एक सवाल चुना और उसका सही जवाब देकर 50 लाख रुपये सुरक्षित किए. उसके बाद 1 करोड़ के सवाल के लिए उनके पास 50-50 लाइफलाइन बची थी, लेकिन उसकी जरूरत ही नहीं पड़ी. उन्होंने बिना लाइफलाइन के उस सवाल का जवाब दे दिया.
ये भी पढ़ें-
ट्रॉमा, सीक्रेट, जख्म और आजादीपाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज में क्या-क्या होगा? ट्रेलर रिलीज
Bigg Boss 20 : यंग-स्काउट की दोस्ती में फिर आई दरार, एक दूसरे से लड़ पड़े दोनों यार
पिता से गले मिलते ही छलक पड़े आंसू
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद सेट पर जश्न और भावुकता का माहौल देखने को मिला. भूषण के पिता भी वहां मौजूद थे और उनके चेहरे पर बेटे की बड़ी कामयाबी की खुशी साफ झलक रही थी. 1 करोड़ जीतने के बाद जब भूषण अपने पिता से गले मिले, तो वे बेहद भावुक हो गए और पिता की आंखें भी नम दिखीं. अमिताभ बच्चन भी भूषण के खेल और संयम से बेहद खुश नजर आए और उन्होंने तालियों व गले लगाकर उन्हें बधाई दी.




