मनोरंजन

1700 करोड़ कमा चुकी ‘रामायण’ के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में PIL दाखिल, क्या है मामला?

Ranbir Kapoor Ramayana: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. ये पिक्चर दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है. अब खबर है कि इस फिल्म के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर (PIL) की गई है और कुछ सीन में बदलाव करने की मांग की गई है. जब तक सीन में बदलाव नहीं होते, तब तक फिल्म पर रोक लगाए जाने की भी मांग की गई है.

याचिकाकर्ता संतोष कुमार ने मांग की है कि फिल्म के विवादित अंशों को हटाकर उसे महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रदर्शित किया जाए और जब तक ऐसा नहीं होता है, तब तक फिल्म के प्रसारण और प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए. याचिका में फिल्म के कुछ दृश्यों और संवादों पर आपत्ति जताई गई है. आरोप है कि फिल्म में रामायण के प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जो मूल ग्रंथ की मर्यादा और परंपरा के अनुरूप नहीं है.

अदालत से क्या मांग की गई?

याचिका में भगवान राम के वनवास, लक्ष्मण के व्यवहार, शूर्पणखा प्रसंग और रावण के चित्रण को लेकर सवाल उठाए गए हैं. याचिकाकर्ता का कहना है कि फिल्म में दिखाए गए कुछ दृश्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक भावनाओं को प्रभावित कर सकते हैं. याचिका के जरिए अदालत से मांग की गई है कि फिल्म के विवादित अंशों को हटाया जाए. साथ ही जब तक इन अंशों को हटाया नहीं जाता, तब तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग भी की गई है. याचिका में फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग भी शामिल है.

ये भी पढ़ें-

ट्रॉमा, सीक्रेट, जख्म और आजादीपाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज में क्या-क्या होगा? ट्रेलर रिलीज

Bigg Boss 20 : यंग-स्काउट की दोस्ती में फिर आई दरार, एक दूसरे से लड़ पड़े दोनों यार

इस सीन पर पर भी आपत्ति

झारखंड हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका में शूर्पणखा की नाक काटे जाने वाले सीन को लेकर भी आपत्ति जताई गई है. याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म में माता सीता द्वारा इस घटना का विरोध करना और भगवान राम द्वारा इसे गलत ठहराने वाला दृश्य धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप नहीं है. फिलहाल झारखंड हाई कोर्ट में दाखिल इस जनहित याचिका पर अदालत के आदेश और आगे की सुनवाई का इंतजार है. अब देखना होगा कि इस मामले में अदालत क्या रुख अपनाती है.

Related Articles

Back to top button