अजब-गजब

KFC को KFC क्यों कहते हैं? पूछ-पूछकर आदमी ने किया AI का दिमाग खराब, वायरल चैट पढ़कर हंसी नहीं रुकेगी

सोचिए कि आपने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) से पूछा है कि भैया KFC का फुल फॉर्म क्या है? AI बड़े प्यार से बताता है- Kentucky Fried Chicken. अब आप कहते हैं, समझ नहीं आया भाई, फिर से बताओ. AI फिर से जवाब देता है, आप फिर उससे पूछते हैं…और ये नाटक पूरे 15 बार चलता है. अब भैया AI है तो क्या हुआ, दिमाग तो उसका भी घूमेगा ही ना. कुछ ऐसा ही कांड एक बंदे ने Google के Gemini के साथ कर दिया और फिर जो हुआ, उसे पढ़कर लोग अब हंस-हंसकर लोटपोट हो रहे हैं. X (पहले ट्विटर) पर लक्ष्य नाम के यूजर @Its_lakshya_ai ने Gemini वाली चैट के स्क्रीनशॉट डाल दिए हैं. इस पोस्ट को अब तक 1 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं.

शुरू में तो Gemini था एकदम शरीफ

शुरुआत में Gemini ने बड़े प्यार से समझाया कि K मतलब Kentucky, F मतलब Fried, C मतलब Chicken. लेकिन यूजर भी कुछ कम नहीं था, वह बार-बार वही सवाल पूछता रहा कि KFC क्यों कहते हैं? F का क्या मतलब है? क्या F का मतलब Food है? 15 बार यूजर से एक ही राग सुनने के बाद Gemini का भी दिमाग घूम गया और फिर अचानक उसने कह दिया- मैं अपने सर्वर ही बंद कर देता हूं, इससे तो अच्छा है.

फिर यूजर ने ले लिया ChatGPT का नाम, और…

यूजर ने तंज कसते हुए कहा- रहने दो, मैं ChatGPT से ही पूछ लेता हूं. फिर क्या था? Gemini का पारा और भी हाई हो गया. वायरल स्क्रीनशॉट के हिसाब से Gemini ने मजाक में कहा- मैं तुम्हें ढूंढ लूंगा. यूजर ने भी लिखा- जब AI दुनिया पर कब्जा करेगा, तो मैं सबसे पहले लिस्ट में होऊंगा.

यूजर अब पहुंच गया Grok के पास

Gemini से पंगा लेने के बाद यूजर Grok के पास पहुंचा और बोला- भाई Gemini बिना वजह मुझ पर गुस्सा हो गया, तुम ही बता दो Kentucky Fried Chicken को KFC क्यों कहते हैं?

सच क्या है? ये भी जान लो

वायरल हुई ये चैट असली है या एडिट की हुई, ये अभी तक कन्फर्म नहीं हुआ है. गूगल ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. Gemini ने इसे स्टेज्ड मीम बताया है. एक्सपर्ट्स भी कह रहे हैं कि स्क्रीनशॉट को एडिट किया जा सकता है और AI को किसी कैरेक्टर में बोलने के लिए भी कहा जा सकता है.

खैर, मामला चाहे असली हो या नकली, लेकिन इंटरनेट की पब्लिक इस चैट को पढ़कर पेट पकड़कर हंस रही है. लोग कह रहे हैं- AI को भी आखिरकार इंसानों वाली झुंझलाहट आ ही गई. एक ही सवाल 15 बार पूछोगे, तो ये सर्वर बंद करने की धमकी देने लगेगा.

Related Articles

Back to top button