60 साल के रिटायर्ड अफसर ने 1 साल में देखीं 1207 फिल्में, बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

क्या आप एक साल में 1207 फिल्में देख सकते हैं, वो भी थिएटर में जाकर? सुनने में असंभव लगता है, लेकिन अमेरिका के 60 साल के रिटायर्ड टैक्स अफसर ग्लेनवुड हॉस्किन जूनियर (Glenwood Hoskin Jr.) ने यही कर दिखाया है. उन्होंने एक साल में रोज औसतन 3.3 फिल्में देखकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) अपने नाम कर लिया है.
सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक थिएटर में ही रहते थे
पेनसिल्वेनिया के यॉर्क हैवन में रहने वाले ग्लेनवुड ने अप्रैल 2024 से अप्रैल 2025 के बीच अपने नजदीकी Regal Cinema में ये रिकॉर्ड बनाया.
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, ग्लेनवुड रोज सुबह थिएटर पहुंच जाते थे और रात 12 बजे तक वहीं रहते थे. उन्होंने हर दिन का शेड्यूल पहले से प्लान किया होता था कि कौन सी फिल्म कब देखनी है. कभी-कभी वो एक दिन में 5 फिल्में भी देख लेते थे.
उन्होंने इस रिकॉर्ड के बारे में गिनीज की वेबसाइट पर पढ़ा था. इससे पहले ये रिकॉर्ड 777 फिल्मों का था, जो 2023 में अमेरिकी नागरिक जकारिया स्वोप के नाम था. ग्लेनवुड ने उसे 430 फिल्मों से तोड़ दिया.
पैसों की बचत का लगाया गजब जुगाड़
ग्लेनवुड ने Regal Unlimited का मेंबरशिप लिया था, जिसकी कीमत 28 डॉलर यानी करीब 2,500 रुपए प्रति महीना थी. यानी पूरे साल में उन्होंने सिर्फ 30,000 रुपए खर्च किए और 1207 फिल्में देख डालीं. हिसाब लगाएं तो 1 फिल्म की कीमत सिर्फ 25 रुपए पड़ी. इसी मेंबरशिप कार्ड पर उन्होंने अनलिमिटेड फिल्में देखीं.
अगर भारत में कोई ये रिकॉर्ड बनाए तो कितना खर्च आएगा?
पहली बात तो ये है कि भारत में ऐसा कोई अनलिमिटेड प्लान नहीं है. यहां अगर आप 1 फिल्म का औसत टिकट 300 रुपए भी मानें, तो 1207 फिल्मों के लिए आपको करीब 3.6 लाख रुपए खर्च करने पड़ेंगे. यही वजह है कि ये रिकॉर्ड अमेरिका में ही बन पाया.
ग्लेनवुड ने क्या कहा?
गिनीज को दिए इंटरव्यू में ग्लेनवुड ने कहा, मुझे नहीं लगा था कि मैं ये कर पाऊंगा. मैंने बस हर दिन का शेड्यूल फॉलो किया. सिनेमा मेरा दूसरा घर बन गया था. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने 30 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर उनके रिकॉर्ड की घोषणा की.




