“मेरे पापा नहीं रहे, मुझे जाने दो…” एयरपोर्ट पर हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा बेटा, स्पाइसजेट की देरी ने छीना आखिरी दर्शन का हक!

एयरपोर्ट पर उस वक्त बेहद भावुक और दिल को झकझोर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब पटना जा रहा एक यात्री अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए समय पर घर नहीं पहुंच सका. स्पाइसजेट (SpiceJet) की फ्लाइट में बार-बार हो रही देरी ने इस बेबस बेटे से उसके पिता का आखिरी दर्शन करने का हक भी छीन लिया. एयरपोर्ट स्टाफ के सामने फूट-फूटकर रोते और जाने की गुहार लगाते इस यात्री का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
यह पूरा मामला तब सामने आया जब दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) के अध्यक्ष यश डबास ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस घटना का वीडियो शेयर किया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यात्री का रो-रोकर बुरा हाल है. वह बदहवास हालत में बार-बार एयरपोर्ट स्टाफ से बस एक ही बात कह रहा है कि मेरे पापा डेड कर गए हैं, मुझे मेरे पापा के पास जाना है. यात्री की यह बेबसी देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.
एक तरफ पिता की चिता, दूसरी तरफ एयरपोर्ट पर बेबस बेटा
खुद वीडियो रिकॉर्ड कर रहे यश डबास ने भी फ्लाइट में हो रही इस देरी को लेकर एयरलाइन कर्मचारियों को जमकर आड़े हाथों लिया. उन्होंने स्टाफ से सवाल करते हुए कहा कि एक बेटा अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पा रहा है. आप लोग अपने सिर पर इतना बड़ा पाप क्यों ले रहे हो? वीडियो में एयरपोर्ट की व्यवस्था और फ्लाइट के बोर्डिंग स्टेटस को लेकर भी भारी गड़बड़ी देखने को मिली. एयरपोर्ट पर लगी डिस्प्ले स्क्रीन पर बोर्डिंग गेट को ‘क्लोज्ड’ (बंद) दिखाया जा रहा था, जबकि हकीकत में यात्रियों की बोर्डिंग शुरू तक नहीं हुई थी. जानकारी के मुताबिक, पटना जाने वाली इस फ्लाइट को दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरनी थी, लेकिन इसे रीशेड्यूल करके शाम 6 बजकर 30 मिनट कर दिया गया.
फ्लाइट में हुई इस लंबी देरी और एयरलाइन के रवैये से परेशान होकर वहां मौजूद बाकी यात्रियों का भी सब्र टूट गया. गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और “स्पाइसजेट शर्म करो” के नारे लगाए. सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद से ही लोग स्पाइसजेट को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं. कई यूजर्स ने कमेंट बॉक्स में अपने साथ हुए ऐसे ही कड़वे अनुभव साझा किए. एक इंस्टाग्राम यूजर ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा कि जब मुझे पता चला कि मेरे दादाजी नहीं रहे, तो मैंने आधे घंटे के अंदर घर जाने के लिए फ्लाइट बुक की, जिसे दो घंटे बाद उड़ना था. मैं एक घंटे पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गया था, लेकिन मुझे बोर्डिंग नहीं करने दी गई. मैं कभी नहीं भूल सकता कि कैसे मैं दादाजी के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें आखिरी बार देखने के लिए रो-रोकर भीख मांग रहा था.
यह भी पढ़ें: दिलरुबा दिलनशीं गाने पर टीचर और बच्चों की जुगलबंदी ने जीता यूजर्स का दिल, वीडियो देख आप भी हो जाएंगे फैन!
वहीं, एक दूसरे यूजर ने यात्री के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा कि यह वाकई बहुत दुखद है. मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें जल्द ही कोई रास्ता मिल जाए. इसके अलावा एक अन्य यूजर ने एयरलाइन की सर्विस पर सवाल उठाते हुए गुस्सा जाहिर किया और लिखा कि स्पाइसजेट अब बस एक स्कैम बनकर रह गया है. इन्होंने मेरी फ्लाइट कैंसिल कर दी थी. मैंने रिफंड के लिए अप्लाई किया तो 7 दिन का समय मांगा गया, लेकिन अब 3 हफ्ते बीत चुके हैं. न तो मेरे ईमेल का कोई जवाब आ रहा है और न ही इनका कॉल कभी कनेक्ट होता है.
यहां देखिए वीडियो
Instagram पर यह पोस्ट देखें




