देश
जिंदगी का आखिरी सच – कार्यक्रम आपका होगा, मगर आप नहीं होंगे!

24 नवंबर 2026
- इंद्र यादव/मुंबई! जिंदगी बहुत छोटी है साहब! इसे नफरत, घमंड, लालच, ईर्ष्या और दूसरों को नीचा दिखाने में बर्बाद मत कीजिए। आज जो समय आपके पास है, वही आपकी सबसे बड़ी दौलत है। कल किसने देखा है? आज आप हैं, कल शायद सिर्फ आपकी तस्वीर होगी और लोग आपकी याद में दो शब्द कह रहे होंगे।
जरा सोचिए!
आज आप जिस कुर्सी पर बैठकर दूसरों को छोटा समझ रहे हैं, वह कुर्सी हमेशा आपके पास नहीं रहेगी। आज जिस दौलत पर आपको घमंड है, वह दौलत आपके साथ नहीं जाएगी। आज जिन लोगों को आप अपने से कमजोर समझकर अपमानित कर रहे हैं, हो सकता है कल वही लोग आपकी याद में आंसू बहा रहे हों।
यही जिंदगी की सबसे बड़ी सच्चाई है।
इंसान सुबह से शाम तक पैसा कमाने में लगा है। कोई बड़ा आदमी बनने की दौड़ में है, कोई सत्ता के नशे में चूर है, तो कोई अपने अहंकार में अपनों को ही भूल गया है। किसी के पास परिवार के लिए समय नहीं है, किसी के पास मां-बाप के साथ बैठने का वक्त नहीं है और किसी को अपने पुराने दोस्तों से बात करने की फुर्सत नहीं है।
लेकिन याद रखिए, जिस दिन जिंदगी की आखिरी घड़ी आएगी, उस दिन न आपका बैंक बैलेंस काम आएगा, न आपकी कुर्सी और न आपका रुतबा।
उस दिन याद आएंगे तो सिर्फ वे लोग, जिन्हें आपने प्यार दिया होगा। वे चेहरे याद आएंगे, जिनके साथ आपने हंसकर वक्त बिताया होगा। वे लोग याद आएंगे, जिनके दुख में आप उनके साथ खड़े हुए होंगे।
साहब! जिंदगी कोई प्रतियोगिता नहीं है, जिसमें हर किसी को हराना जरूरी है। जिंदगी तो एक सफर है, जिसमें लोगों का दिल जीतना ज्यादा जरूरी है।
किसी गरीब की मदद कर दीजिए, किसी भूखे को खाना खिला दीजिए, किसी दुखी इंसान की बात सुन लीजिए। अपने माता-पिता को समय दीजिए, बच्चों के साथ बैठिए, पत्नी की भावनाओं को समझिए और दोस्तों के साथ हंस लीजिए।
किसी से गलती हो जाए तो माफ करना सीखिए। किसी की सफलता देखकर जलने के बजाय खुश होना सीखिए। क्योंकि नफरत फैलाने वाले बहुत मिल जाएंगे, लेकिन प्यार बांटने वाले कम हैं।
एक दिन ऐसा भी आएगा, जब लोग आपके जन्मदिन पर नहीं, बल्कि आपकी याद में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। मंच सजेगा, माइक लगेगा, फूलों की माला चढ़ेगी, आपकी तस्वीर पर श्रद्धांजलि दी जाएगी और लोग आपके अच्छे कामों को याद करेंगे।
लेकिन उस दिन सबसे बड़ी सच्चाई यही होगी कि कार्यक्रम आपका होगा, आपकी तस्वीर होगी, आपकी तारीफ होगी, मगर आप खुद वहां मौजूद नहीं होंगे।
इसलिए अभी वक्त है। अपने व्यवहार को सुधारिए, रिश्तों को संभालिए और जिंदगी को खुलकर जीना सीखिए।
क्योंकि मौत कब आएगी, यह किसी को पता नहीं। लेकिन जिंदगी को कैसे जीना है, यह फैसला आज भी आपके हाथ में है।
याद रखिए साहब, दुनिया में नाम कमाने से ज्यादा जरूरी है ऐसा काम करना कि आपके जाने के बाद लोग आपको सच्चे दिल से याद करें।
जिंदगी दोबारा नहीं मिलेगी। इसलिए न किसी का दिल दुखाइए, न अपने दिल में नफरत पालिए।
जिंदगी जी लीजिए साहब… क्योंकि एक दिन कार्यक्रम आपका होगा, लेकिन उसमें आप नहीं होंगे!




