कानून के डर से नहीं, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक इच्छाशक्ति से रुकेगा बाल विवाह : उज्ज्वल उपाध्याय
देवा ब्लॉक सभागार में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों व सामाजिक संगठनों ने लिया बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प

बाराबंकी: 27 नवंबर,2027
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर विकास खंड देवा के सभागार में संवाद सामाजिक संस्थान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला कल्याण विभाग एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभागों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, महिलाओं और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उज्ज्वल उपाध्याय ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि समाज की जागरूकता, सामूहिक इच्छाशक्ति और जनसहभागिता से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल अधिकारों एवं बच्चों के संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है, जो विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और भविष्य को प्रभावित करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संवाद सामाजिक संस्थान के प्रमुख अतुल तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों पर समय से पहले जिम्मेदारियों का बोझ डाल देता है और बालिकाओं की शिक्षा व स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो उसे पारिवारिक मामला मानकर अनदेखा न करें, बल्कि तत्काल प्रशासन, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें।
संवाद सामाजिक संस्थान के प्रोग्राम मैनेजर विनोद कुमार ने ग्राम पंचायत स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और स्थानीय समुदाय मिलकर बाल विवाह की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने ग्राम स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने और परिवारों को जागरूक करने पर बल दिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किशोरियों के स्वास्थ्य पर बाल विवाह के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए। वहीं सहायक विकास अधिकारी ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र परिवारों तक उनका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाने, विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, आयु संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा संदिग्ध बाल विवाह की सूचना तत्काल संबंधित विभागों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समापन अवसर पर संवाद सामाजिक संस्थान के प्रोग्राम मैनेजर विनोद कुमार ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह न करने, न होने देने तथा इसके विरुद्ध आवाज उठाने की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संवाद सामाजिक संस्थान के आलोक मिश्रा एवं वीरेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना टीम, मिशन शक्ति देवा, महिला कल्याण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की लीगल टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




