ज्यादा सैलरी के लिए छोड़ी पुरानी नौकरी, 3 महीने में ही हुआ ऐसा पछतावा कि अब पुराने बॉस के सामने जाने में आ रही शर्म!

कई बार बेहतर सैलरी और अच्छे करियर की उम्मीद में हम नौकरी बदलने का फैसला कर लेते हैं. शुरुआत में नया ऑफर काफी अच्छा लगता है, लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है, जब नई जगह का माहौल और काम हमारी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता. कुछ ऐसा ही एक शख्स के साथ हुआ, जिसने ज्यादा पैसे मिलने के लालच में अपनी पुरानी नौकरी छोड़ दी. लेकिन नई कंपनी में महज तीन महीने बिताने के बाद ही उसे अपने फैसले पर पछतावा होने लगा. अब वह दोबारा अपनी पुरानी कंपनी में लौटना चाहता है, लेकिन उसे समझ नहीं आ रहा कि पुराने बॉस से बात कैसे शुरू करे.
दरअसल, इस शख्स ने Reddit के r/careeradvice फोरम पर अपनी परेशानी शेयर की है. उसने पोस्ट का टाइटल लिखा कि तीन महीने पहले पुरानी नौकरी छोड़ने के बाद अब वापस लौटने के बारे में सोच रहा हूं.’ पोस्ट में उसने बताया कि वह कई सालों से एक कंपनी में काम कर रहा था. वहां उसका अपने सहकर्मियों और कंपनी के हेड के साथ अच्छा रिश्ता था. लेकिन बेहतर सैलरी का ऑफर मिलने पर उसने दूसरी कंपनी में जाने का फैसला कर लिया.
ज्यादा सैलरी का लालच पड़ा भारी!
हालांकि, नई नौकरी में पहुंचने के बाद उसका अनुभव बिल्कुल अलग रहा. शख्स के मुताबिक, वह पहले दिन से ही अपने नए काम में खुश नहीं था. नई जिम्मेदारियां और काम का माहौल उसे पसंद नहीं आया. देखते ही देखते तीन महीने बीत गए, लेकिन वह नई नौकरी में खुद को सहज नहीं कर पाया. इस पूरी कहानी में सबसे दिलचस्प बात यह है कि शख्स को अपनी पुरानी कंपनी छोड़ने का तरीका याद आ रहा है. उसने बताया कि नौकरी के आखिरी दिन सभी सहकर्मियों ने उसे कार्ड दिए थे. पूरी टीम के साथ उसकी विदाई की तस्वीर भी ली गई थी. उसने सभी के लिए एक फेयरवेल ईमेल लिखा था, जिसमें साथ काम करने के अनुभव को शानदार बताते हुए सबको भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी थीं. इतना ही नहीं, वह एक-एक करके अपने सभी सहकर्मियों के पास गया और उन्हें बताया कि अब वह कंपनी छोड़ रहा है. ऐसे में उसे डर है कि अगर वह दोबारा लौटने की बात करेगा तो पुराने सहकर्मी और बॉस उसके बारे में क्या सोचेंगे.
शख्स ने यह भी बताया कि जब वह कंपनी छोड़ रहा था, तब कंपनी के हेड ने उसे रोकने की काफी कोशिश की थी. यहां तक कि उन्हें दूसरी भूमिका और पहले से ज्यादा सैलरी देने का ऑफर भी दिया गया था. लेकिन उस समय उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. अब उसे लग रहा है कि शायद पुरानी नौकरी छोड़ना उसकी गलती थी.
इस पोस्ट पर यूजर्स ने भी अपनी राय रखी. कुछ लोगों ने उसे बिना झिझक पुराने बॉस से संपर्क करने की सलाह दी, तो कुछ ने कहा कि कंपनी उसे दोबारा नौकरी देने से पहले जरूर सोचेगी. एक यूजर ने लिखा कि अगर मैं आपकी जगह होता तो आपको पुरानी सैलरी पर वापस रख लेता. इससे कंपनी के बाकी कर्मचारियों को भी लगेगा कि यहां काम करने का माहौल अच्छा है और बाहर की दुनिया हमेशा बेहतर नहीं होती. इससे कर्मचारियों को कंपनी में बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.
वहीं, दूसरे यूजर ने अलग राय देते हुए कहा कि क्या कंपनी के पास आपके लिए कोई पद खाली है? हो सकता है कि वे आपको दोबारा नौकरी देने में हिचकिचाएं, क्योंकि उन्हें लगेगा कि आप फिर से कंपनी छोड़ सकते हैं.” एक अन्य यूजर ने कहा कि पुरानी कंपनी से संपर्क करने में कोई नुकसान नहीं है. हो सकता है कि उनके पास अभी आपके लिए कोई जगह न हो, लेकिन पूछने में क्या बुराई है?
यह भी पढ़ें: चलती बाइक की सीट पर खड़ा हुआ युवक, पीछे से आ रहा था ट्रक! वीडियो देख कांप उठेंगे
फिलहाल, यह शख्स इसी उलझन में है कि पुरानी कंपनी में वापसी की कोशिश करे या फिर किसी तीसरी जगह नौकरी तलाशे. उसकी कहानी एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि क्या सिर्फ ज्यादा सैलरी के लिए नौकरी बदलना हमेशा सही फैसला होता है?
यहां देखिए पोस्ट
Going back to my old job after leaving 3 months ago
by
u/fj0685 in
careeradvice




