1 करोड़ का यश का सिंहासन, रकुल के रथ पर लगे 1.15 करोड़ रुपये…रामायण के सेट पर पानी की तरह बहाया गया पैसा

Ramayana: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म को इसके भव्य सेट, शानदार विजुअल्स और बड़े स्तर पर की गई तैयारी के लिए खूब तारीफें मिल रही हैं. फिल्म के कई बड़े हिस्सों में वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है, लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिन्हें असल में तैयार किया गया है. इन चीजों को बनाने में मेकर्स ने करोड़ों रुपये खर्च किए हैं.
फिल्म के आर्ट डायरेक्टर रमेश अंदाले ने प्रभात खबर से बातचीत में फिल्म के सेट और प्रॉप्स को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि रावण के विशाल सिंहासन को तैयार करने के लिए आर्ट डिपार्टमेंट की टीम ने करीब 4 महीने तक मेहनत की. यश के इस सिंहासन को बनाने में 24 कैरेट के पिघले हुए सोने और गोल्ड लीफ का इस्तेमाल किया गया है. इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है. आइए जानते हैं सेट पर कितना पैसा बहाया गया है.
कैसे तैयार हुआ रावण बने यश का सिंहासन
रमेश ने बताया कि सबसे पहले सिंहासन का एक क्ले मॉडल तैयार किया गया था, ताकि उसमें बारीक से बारीक डिजाइन और डिटेलिंग की जा सके. इसके बाद इसे फाइबर से बनाया गया. इस तरह सिंहासन को भव्य रूप देने के लिए टीम ने काफी मेहनत की.
रकुल के रथ पर खर्च हुए 1.15 करोड़ रुपये
फिल्म में रकुल प्रीत सिंह ने शूर्पणखा का किरदार निभाया है. आर्ट डायरेक्टर ने उनके रथ को लेकर भी खास जानकारी दी. उन्होंने बताया कि फिल्म में यह रथ सिर्फ एक सीन में नजर आता है, लेकिन इसे बनाने में करीब 3 महीने का समय लगा. इसकी वजह रथ की बारीक डिजाइनिंग के साथ-साथ उसे चलने लायक बनाना भी था. रमेश के मुताबिक, सोने की परत चढ़े इस रथ को तैयार करने में करीब 1.15 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. यानी फिल्म में कुछ ही देर के लिए नजर आने वाले इस रथ की कीमत भी यश के सिंहासन से ज्यादा है.
रामायण को मिल रहा दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स
‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. फिल्म ने पहले दिन यानी ओपनिंग डे पर वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 127.50 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. वहीं, अब बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में दिवाली के बाद बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.




