Saif Ali Khan: जिस चाकू से हुआ था हमला, उसके बारे में सैफ अली खान ने किया बड़ा खुलासा

Saif Ali Khan On Knife Attack: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर जनवरी 2025 में मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर पर चाकू से हमला हुआ था. घर पर चोरी के इरादे से घुसे एक व्यक्ति ने उनपर हमला किया था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद शरीफुल इस्लाम नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था. अब इस घटना पर सैफ ने खुद बात की है. सैफ उस हमले में बाल-बाल बचे थे.
सैफ अली खान हाल ही में डायरेक्टर करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ का हिस्सा बने. उन्होंने अपनी पत्नी और एक्ट्रेस करीना कपूर के साथ इस शो में शिरकत की. सैफ-करीना ने शो में करण से कई विषय पर बातचीत की और कई खुलासे किए. उसी दौरान सैफ ने खुद पर हुए हमले पर भी बात की. उन्होंने कहा कि उस हमले में उनकी जान भी जा सकती थी. जिस चाकू से उनपर हमला हुआ था, उसको लेकर भी उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया.
चाकू पर सैफ ने क्या कहा?
सैफ ने कहा कि वो चाकू काफी घटिया था और टूट गया था. उन्होंने कहा, “वो बेहद घटिया चाकू था, अगर अच्छा होता तो मैं मर जाता.” उन्होंने ये भी कहा कि चाकू का एक टुकड़ा टूटकर उनकी पीठ में भी धंस गया था. सैफ-करीना का बेटा तैमूर भी काफी परेशान हो गया था. दोनों ने खुलासा किया कि तैमूर ने मासूम से लहजे में उस समय पूछा था, “अब्बा क्या आप मर जाएंगे.” ये देख सैफ ने करीना से इशारों में कहा था कि वो तैमूर को अस्पताल से ले जाएं.
चाकू से सैफ पर 10 वार
सैफ ने उस रात को बेहद डरावना बताया और कहा कि हमलावर ने उनके ऊपर चाकू से 10 बार वार किए थे. सबकुछ इतना अचानक हुआ था कि उन्हें चीजों को संभालने को मौका नहीं मिला था. हमले के बाद सैफ को तुरंत ऑटो से लीलावती अस्पताल ले जाया गया था. सैफ ने ये भी बताया कि उनका ड्राइवर शाम को अपने घर चले जाता है. यही वजह है कि उस वक्त उनके घर पर कोई ड्राइवर नहीं था और उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जाया गया था.
ये भी पढ़ें-
42 साल पहले मलयालम में बनी थी भारत की पहली 3डी फिल्म, एक जादुई जिन्न की कहानी ने सभी को किया था हैरान
सलमान खान की मातृभूमि की रिलीज़ डेट आई, बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल से भिड़ने को तैयार भाईजान!
कहां देख सकते हैं ‘कॉफी विद करण’?
सैफ अली खान और करीना कपूर का ‘कॉफी विद करण 9’ का एपिसोड 4 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ है. ये करण के शो का आखिरी सीजन है. ये शो बंद हो रहा है. सैफ-करीना से पहले इस सीजन में सलमान खान-करिश्मा कपूर, विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना, वरुण धवन-जाह्नवी कपूर शामिल हुए. आगे कुछ और गेस्ट भी आएंगे. उसके बाद ‘कॉफी विद करण’ बंद हो जाएगा.




