दिवाली पर महाराष्ट्र में आग का तांडव! एक परिवार की छह जिंदगियां खत्म, सैकड़ों जगह आग का कहर
9 नवंबर 2026
इंद्र यादव/मुंबई! दिवाली की रात आसमान रोशन होना चाहिए था। घरों में दीप जलने चाहिए थे। बच्चों की हंसी गूंजनी चाहिए थी। लेकिन महाराष्ट्र में इस बार कई जगह सिर्फ लपटें उठीं। धाराशिव के एक छोटे से गांव से लेकर मुंबई, पुणे, पिंपरी-चिंचवड़, विरार, बीड और उल्हासनगर तक दमकल की गाड़ियां सायरन बजाती रहीं। और सबसे दर्दनाक खबर येडशी गांव से आई—एक ही परिवार के छह सदस्य जिंदा जल गए या धुएं में घुटकर मर गए। तीन पीढ़ियां एक रात में खत्म हो गईं।
धाराशिव: तीन पीढ़ियां एक रात में खत्म
येडशी गांव (धाराशिव) में करंडे परिवार का घर-सह-किराना दुकान था। नीचे दुकान, ऊपर रहने की जगह। 8 नवंबर की मध्यरात्रि के आसपास (करीब 2:30-2:45 बजे) आग लगी। परिवार सो रहा था। दुकान में प्लास्टिक का सामान और तेल के डिब्बे थे। आग तेजी से फैली। धुआं ऊपर भर गया। बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा।
मृत: उत्तम त्रिंबक करंडे (75), उनकी पत्नी चंद्रकला (70), बेटा गोविंद (47), बहू ज्योती (42), और दो नातिन गायत्री (16) व सिद्धी (15)। चार लोग धुएं से घुटकर मरे, दो भागते हुए जलकर। एक युवक बच गया और अस्पताल में भर्ती है।
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन देर हो चुकी थी। दमकल की गाड़ियां कलंब और तुळजापुर से आईं। गांव वाले और कुछ स्थानीय नेता आरोप लगा रहे हैं कि दमकल देर से पहुंची, गाड़ी में पानी-डीजल कम था, उपकरण अधूरे थे और कर्मचारी पर्याप्त प्रशिक्षित नहीं थे। प्रारंभिक आशंका—दिवाली का दीया या पणती। जांच चल रही है। लेकिन सवाल यह है—अगर दमकल समय पर और सही साजो-सामान के साथ पहुंचती, तो क्या ये छह जिंदगियां बच सकती थीं?
मुंबई: 142 कॉल, 137 फटाखों से
मुंबई में दिवाली की रात दमकल विभाग को 142 आग संबंधी कॉल मिलीं। इनमें से 137 फटाखों से जुड़ी बताई जा रही हैं। कांदिवली-बोरीवली क्षेत्र में सबसे ज्यादा 53 कॉल आईं। गोरेगांव, सांताक्रूज, कुर्ला, मालाड और घाटकोपर समेत कई इलाकों में छोटी-बड़ी घटनाएं हुईं।
तीन बड़ी (लेवल-2) घटनाएं भी हुईं:
डोंगरी के हाजी कासम चाल में रात करीब 10 बजे आग लगी। कई झुग्गियां और दुकानें प्रभावित हुईं। दमकल ने नौ घंटे से ज्यादा समय लगाकर काबू पाया।
अंधेरी के मरोळ मिलिटरी रोड पर एक गैराज में आग।
विद्याविहार के स्कायलािन विडा कमर्शियल बिल्डिंग में 7वीं से 10वीं मंजिल तक आग फैली। सुबह 5:55 बजे तक नियंत्रण में आई।
सौभाग्य से इन घटनाओं में कोई बड़ी जानहानि नहीं हुई। लेकिन नगर निगम को हवाई फटाखों पर 25 नवंबर तक पाबंदी लगानी पड़ी। ठाणे जिले में भी रॉकेट जैसे हवाई फटाखों पर लंबी पाबंदी लगा दी गई। सवाल यह है—हर साल फटाखों से इतनी आग क्यों लगती है? क्या सिर्फ पाबंदी काफी है, या लोगों में जागरूकता और सख्त अमल की जरूरत है?
पुणे और पिंपरी-चिंचवड़: रातभर दमकल व्यस्त
पुणे में लक्ष्मी पूजन के दिन दोपहर 3 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक 94 आग संबंधी कॉल मिलीं। सिंहगढ़ रोड, हडपसर, कोथरूड, विमान नगर, कोंढवा, येरवडा, धायरी, खराड़ी, वानवडी, सातारा रोड की प्रिंटिंग दुकान, मंगलवार पेठ का गोदाम और रेंज हिल्स का फ्लैट—सूची लंबी है। घरों, बालकनी, दुकानों, गोदामों, वाहनों, पेड़ों, कचरे और सूखी घास में आग लगी। राहत की बात—किसी की मौत या गंभीर चोट की खबर नहीं।
पिंपरी-चिंचवड़ में करीब 50 घटनाएं दर्ज हुईं। कई फ्लैट, खुले मैदान और कचरे में आग।
अन्य जगहें: आग हर तरफ
विरार: एचडीआईएल सोसायटी (ग्लोबल सिटी) की एक इमारत के पहले मंजिल के फ्लैट में रात करीब 10 बजे आग लगी। आशंका पटाखों या दीये से। लपटें ऊपरी मंजिलों तक पहुंचीं। निवासियों को बाहर निकाला गया। कोई जानहानि नहीं हुई, लेकिन नुकसान काफी हुआ।
बीड: जालना रोड परिसर में प्लंबिंग की दुकान समेत तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं। खेती-किसानी के सामान के गोदाम में भी आग की खबर आई।
उल्हासनगर: कैंप नंबर 5 के अवैध कचरा डंपिंग ग्राउंड में भीषण आग। धुएं के बड़े लोट पूरे इलाके में फैल गए। स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। यह जगह बार-बार जलती है, फिर भी स्थायी हल नहीं निकाला गया।
कांदिवली, गोरेगांव, सांताक्रूज, कुर्ला समेत मुंबई के कई इलाकों से छोटी-बड़ी घटनाओं की खबरें आईं।
सवाल वही, जवाब कोई नहीं
हर साल दिवाली पर यही कहानी दोहराई जाती है। फिर भी:
रिहायशी इमारतों और दुकानों में अग्निशमन उपकरण सिर्फ कागजों पर क्यों रहते हैं? कितने सोसायटी में नियमित चेकअप होता है।
ज्वलनशील सामान (तेल, प्लास्टिक, रसायन) रखने के नियमों का पालन कौन चेक करता है? धाराशिव जैसी घटना में दुकान के सामान ने आग को और भयावह बना दिया।
संकरी गलियों, झुग्गी बस्तियों और गांवों तक दमकल समय पर पहुंचने की व्यवस्था क्यों नहीं सुधरती? देर पहुंचने की शिकायतें बार-बार क्यों आती हैं।
पटाखे बेचने और फोड़ने वालों पर सुरक्षा नियमों का कितना सख्त अमल होता है। हवाई फटाखों पर पाबंदी लगाने के बाद भी इतनी घटनाएं क्यों।
बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों को आग से बचाव का कोई नियमित प्रशिक्षण क्यों नहीं दिया जाता? लिफ्ट में फंसने जैसी घटनाएं क्यों होती रहती हैं।
ग्रामीण इलाकों में दमकल की पर्याप्त और तेज व्यवस्था क्यों नहीं है? पानी, डीजल और उपकरण की कमी की शिकायतें क्यों दोहराई जाती हैं।
कचरा डंपिंग ग्राउंड जैसी जगहों पर बार-बार आग लगने के बावजूद स्थायी हल क्यों नहीं निकलता।
धाराशिव जैसी घटना सिर्फ “दुर्भाग्य” नहीं है। यह व्यवस्था की ढिलाई, लापरवाही और साल-दर-साल दोहराए जाने वाले सबक न सीखने का नतीजा है। जब हर साल सैकड़ों कॉल आती हैं, संपत्ति जलती है, कभी-कभी जानें जाती हैं, तो स्थायी सुधार क्यों नहीं होता। दीया जलाने का मतलब सिर्फ रोशनी नहीं, जिम्मेदारी भी होना चाहिए। लेकिन जिम्मेदारी लेने वाला कौन है—सरकार, नगरपालिका, सोसायटी, या हम खुद।
ये सवाल हर दिवाली के बाद हवा में उड़ जाते हैं। अगली दिवाली तक फिर वही कहानी दोहराई जाएगी—जब तक व्यवस्था नहीं सुधरती, जागरूकता नहीं बढ़ती और सख्ती नहीं होती।




