DRDO की पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन शुरू, 11 दिसंबर तक करें अप्लाई

सरकारी संस्थान में काम करने और नई तकनीकों को सीखने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अपने एसीईएम केंद्र के लिए पेड इंटर्नशिप 2026 की घोषणा की है. चयनित अभ्यर्थियों को इस प्रोग्राम के तहत छह महीने की अवधि तक ट्रेनिंग और काम करने का अवसर दिया जाएगा. इसके लिए हर महीने 5,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा. यानी पूरी इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को कुल 30,000 रुपये मिलेंगे.
इच्छुक और योग्य छात्र 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थी DRDO की वेबसाइट drdo.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. यह इंटर्नशिप छह महीने की होगी. इस दौरान चयनित छात्रों को नई तकनीकों के विकास, उनके परीक्षण और रॉकेट इंजन से जुड़े कार्यों को समझने और उनमें योगदान देने का अवसर मिलेगा. इससे छात्रों को अपने विषय से संबंधित व्यावहारिक अनुभव हासिल करने में मदद मिलेगी.
इन विषयों के लिए उपलब्ध हैं सीटें
- केमिकल इंजीनियरिंग: 1 सीट
- मैकेनिकल, आर्मामेंट इंजीनियरिंग, डिफेंस टेक्नोलॉजी और प्रोडक्शन इंजीनियरिंग: 1 सीट
- AI और ML, डेटा साइंस और सिस्टम इंजीनियरिंग: 1 सीट
- केमिस्ट्री: 2 सीटें
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए कुछ शैक्षणिक और आयु संबंधी शर्तें रखी गई हैं. उम्मीदवारों की उम्र 28 वर्ष से कम होना अनिवार्य है.
- फुलटाइम MSc या MTech कोर्स के पहले या दूसरे वर्ष में पढ़ने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं.
- इंजीनियरिंग के फुलटाइम डिग्री कोर्स में पढ़ने वाले उम्मीदवार भी पात्र हैं.
- इंजीनियरिंग के छात्रों का सातवें या आठवें सेमेस्टर में होना जरूरी है.
- आवेदन के लिए अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान में नामांकित होना अनिवार्य है.
अंकों के आधार पर होगा चयन
DRDO की इस इंटर्नशिप में उम्मीदवारों के चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. चयन प्रक्रिया में छात्रों के एकेडमिक मार्क्स को आधार बनाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर संगठन उम्मीदवारों का इंटरव्यू या ऑनलाइन बातचीत भी आयोजित कर सकता है. इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.




