मनोरंजन

‘पीठ में छुरा घोंपा, अब नाम और सारे सबूत सामने रख दूंगी…’ अविनाश मिश्रा पर फूटा ईशा सिंह का गुस्सा

टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल रहे ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के ब्रेकअप और चीटिंग विवाद ने अब बेहद तीखा मोड़ ले लिया है. अब तक इस पूरे मामले पर खामोश रहीं ईशा सिंह के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया है. रविवार 22 नवंबर को ईशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बेहद सख्त और तल्ख पोस्ट साझा करते हुए संकेत दिया कि वो अब चुप नहीं बैठेंगी. भले ही ईशा ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर अविनाश का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने ‘पीठ में छुरा घोंपने’ का आरोप लगाते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर उन्हें और उकसाया गया, तो वो नाम और सारे सबूत दुनिया के सामने रख देंगी.

ईशा सिंह का ये तीखा बयान अविनाश मिश्रा की उस हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के ठीक बाद आया है, जिसमें अविनाश ने रिश्तों को निजी रखने और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की थी. इसी पर बिना नाम लिए तंज कसते हुए ईशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “अपनी शांति बनाए रखने के लिए चुप रहने के मेरे फैसले को कभी भी जरूरत पड़ने पर न बोल पाने की कमजोरी समझने की भूल न करें. वो शख्स जो इस बात का उपदेश दे रहा था कि रिश्ते निजी होते हैं और उन्हें पब्लिक एंटरटेनमेंट नहीं बनाया जाना चाहिए… अब क्या हुआ? जब आप खुद ही चीजों का मजाक बनाकर मनोरंजन के लिए लोगों के सामने परोस रहे हैं? आप एक तरफ प्राइवेसी का पाठ पढ़ाएं और दूसरी तरफ उसका ठीक उल्टा करें, ऐसा नहीं चल सकता.”

ईशा ने दी चेतावनी

अपनी अगली स्टोरी में ईशा ने सीधे तौर पर सबूत सार्वजनिक करने की चेतावनी देते हुए लिखा, “कृपया मुझे इस हद तक मजबूर मत कीजिए कि मुझे अंजाम की परवाह किए बिना हर एक सबूत, सही नामों के साथ सबके सामने रखना पड़े. मैं पहले ही एक ऐसे शख्स पर भरोसा करने की गलती कर चुकी हूं, जिसने आखिरकार मेरी पीठ में छुरा घोंपा. और चूंकि कुछ लोगों के लिए ‘मूव ऑन’ करना इतना आसान लगता है, तो चलिए अब मैं भी यही कोशिश करती हूं.”

अविनाश मिश्रा ने पहले की थी प्राइवेसी की अपील

इससे पहले ईशा के साथ रिश्ते में आई दरार की खबरों के बीच अविनाश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक नोट साझा किया था. ब्रेकअप की अफवाहों की पुष्टि या खंडन किए बिना अविनाश ने मीडिया पेजों और सोशल मीडिया यूजर्स से उनकी निजी जिंदगी को तमाशा न बनाने की गुजारिश की थी. उन्होंने लिखा था, “दोस्तों, चलिए इस बात को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं. पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं. मीडिया पेजों से अनुरोध है कि हर किसी की प्राइवेसी का सम्मान करें. रिश्ते निजी होते हैं, पब्लिक एंटरटेनमेंट नहीं. हर चीज व्यूज और एंगेजमेंट के लिए नहीं होती. लोगों को शांति से जीने दें.”

View this post on Instagram

A post shared by Avinash Mishra (@avinash_world)

ईशा की मां के वायरल वॉइस नोट से भड़का था पूरा विवाद

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब ईशा सिंह की मां का एक कथित वॉइस नोट ऑनलाइन लीक हो गया. इस ऑडियो में वो दोनों के रिश्ते को परिवार की मंजूरी मिलने और सब कुछ ठीक रहने पर अविनाश का साथ देने की बात कहती सुनाई दी थीं. वायरल वॉइस नोट में वे कहती हैं, “उसने ओके किया, चीजें आगे बढ़ीं, तो हम मान गए, वरना कोई मां अपनी बेटी को ऐसे प्लेटफॉर्म पर ये सब बोलने के लिए नहीं भेज देगी. आज अविनाश के खिलाफ कुछ बोला जाता, तो मैं उसके साथ खड़ी होती, क्योंकि अब वो मेरी फैमिली का मेंबर होने वाला होता. लेकिन इस बीच में जो चीट हुआ और जो भी चीजें हुईं, अब ये चीजें फैलाने का कोई मतलब नहीं है.” गौरतलब है कि ईशा और अविनाश की नजदीकियां ‘बिग बॉस 18’ के दौरान शुरू हुई थीं और शो खत्म होने के बाद भी दोनों सुर्खियों में बने रहे. ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में अविनाश की जीत के बाद दोनों का एक-दूसरे के प्रति प्यार जताते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.

रजत दलाल ने भी अविनाश को लताड़ा

इस मामले में अब ‘बिग बॉस 18’ में दोनों के साथ रहे और ईशा को अपनी बहन मानने वाले रजत दलाल (Rajat Dalal) भी कूद पड़े हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अविनाश मिश्रा को हाल ही में एक क्लब में ‘बेवफा निकली है तू’ गाना बजाते हुए देखा गया था, जिस पर रजत दलाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कड़ी नाराजगी जताई. रजत ने पहले सोशल मीडिया पेजों से बिना सच्चाई जाने खबरें न चलाने की अपील करते हुए कहा, “मेरी सोशल मीडिया पेजों से एक छोटी सी रिक्वेस्ट है. अगर आप कुछ भी पोस्ट करें, तो पहले सच्चाई पता कर लें और उसके बाद पोस्ट करें.” इसके बाद अविनाश को सीधे चेतावनी देते हुए रजत ने कहा, “मैंने उसे चार बार प्यार से समझाया है कि ईशा से दूर रहो. हमें फर्क नहीं पड़ता तुमने क्या किया. तुम अपना काम करते रहो, हमसे दूर रहो.” साथ ही रजत ने क्लब में ‘बेवफा निकली है तू’ गाना बजाकर अविनाश द्वारा दिए जा रहे संदेश पर भी कड़े सवाल उठाए हैं.

Related Articles

Back to top button