अजब-गजब

पहले रोका ट्रैफिक, फिर कार के नीचे से निकाली बिल्ली, शख्स का अनोखा रेस्क्यू देखकर भावुक हुए लोग

कभी-कभी इंसानियत की एक छोटी सी मिसाल भी लोगों का दिल जीत लेती है. सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसमें बांग्लादेश का एक बाइक सवार सड़क पर अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही नन्ही बिल्ली को बचाने के लिए अचानक रुक जाता है. इतना ही नहीं, बिल्ली को सुरक्षित निकालने के बाद वह उसे अपनी जेब में रखकर बाइक से आगे निकल जाता है. इस अनोखे रेस्क्यू का वीडियो देखकर लोग उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.

दरअसल, इस शख्स का नाम रदवान (Radwan) है. वह सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर है और अक्सर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बाइकिंग से जुड़े वीडियो शेयर करता रहता है. लेकिन इस बार उसने कुछ ऐसा किया, जिसने लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी.

बाइक सवार बना नन्ही बिल्ली का मसीहा

वीडियो में देखा जा सकता है कि रदवान अपनी बाइक से सड़क पर जा रहा होता है. तभी अचानक उसकी नजर एक छोटी सी बिल्ली पर पड़ती है, जो सड़क पार करने की कोशिश कर रही होती है. बिल्ली काफी घबराई हुई नजर आती है और तेजी से इधर-उधर भाग रही होती है. यह देखते ही रदवान बिना देर किए अपनी बाइक घुमाता है और तुरंत सड़क के बीच में रोक देता है. वह आसपास से गुजर रहे वाहनों को रुकने का इशारा करता है, ताकि बिल्ली किसी गाड़ी की चपेट में न आ जाए. इसी दौरान बिल्ली डरकर एक कार के नीचे जाकर छिप जाती है. रदवान भी तुरंत उसके पास पहुंचता है और उसे बाहर निकालने की कोशिश करने लगता है.

हालांकि, डरी हुई बिल्ली कार के नीचे से बाहर आने को तैयार नहीं होती. रदवान कई बार उसे पकड़ने की कोशिश करता है, लेकिन हर बार वह अंदर ही छिप जाती है. इस बीच वहां मौजूद कुछ लोग भी उसकी मदद के लिए आगे आ जाते हैं. सभी मिलकर किसी तरह बिल्ली को बाहर निकालने की कोशिश करते हैं. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाती है और रदवान उस नन्ही बिल्ली को कार के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लेता है. इसके बाद वह बेहद प्यार से उसे उठाता है और अपनी जेब में रख लेता है. फिर क्या था, वह दोबारा बाइक स्टार्ट करता है और वहां से निकल पड़ता है.

इस दौरान सबसे प्यारा पल तब देखने को मिलता है, जब बाइक चलाते समय उसकी जेब से बिल्ली के म्याऊं-म्याऊं करने की आवाज आती है. रदवान भी बार-बार अपनी जेब की तरफ देखकर उसका हाल जानता रहता है. वीडियो के आगे के हिस्से में वह इस नन्हे मेहमान को आसपास मौजूद दूसरे लोगों को भी दिखाता है. बिल्ली को देखकर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आ जाती है. रदवान ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि एक छोटी सी जिंदगी बचाई, थोड़ी सी खुशियां बांटी.

यह भी पढ़ें: सिविक सेंस की उड़ी धज्जियां! टनल के अंदर चलती गाड़ियों के बीच परिवार ने की ऐसी हरकत, वीडियो देख खौल उठेगा आपका खून

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. किसी ने कहा कि सड़क पर रुककर एक बेजुबान की जान बचाना सच में बड़ी बात है, तो किसी ने कार चालक की भी तारीफ की, जिसने रेस्क्यू के दौरान धैर्य बनाए रखा. वहीं, कई लोगों को बिल्ली को जेब में रखकर बाइक पर ले जाने का अंदाज बेहद प्यारा लगा. यूजर्स ने रदवान और उसके नए नन्हे साथी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं भी दीं. सच में, कभी-कभी हीरो बनने के लिए किसी बड़ी चीज की जरूरत नहीं होती, बस किसी की मदद करने वाला दिल होना चाहिए.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Radwan Unfiltered (@radwan_unfiltered) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button