मनोरंजन

Bigg Boss 20: लव गिल ‘चंट’, पर स्काउट भी नहीं हैं ‘संत’… ‘बिग बॉस’ में सारा ठीकरा सिर्फ लड़की के सिर क्यों?

Bigg Boss 20: कलर्स टीवी के रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में पिछले कुछ समय से एक ही मुद्दा सबसे ज्यादा गरमाया हुआ है. वो है लव गिल और गेमर स्काउट ओपी का रिश्ता. घर के अंदर आम्रपाली दुबे, काजी तौकीर और माही विज से लेकर सोशल मीडिया तक, हर कोई एक सुर में लव गिल को कटघरे में खड़ा कर रहा है. मानो घर के भीतर बाकायदा कोई ‘विच-हंट’ चल रहा हो, जहां लव गिल को एक ‘शातिर शिकारी’ और स्काउट को कोई मासूम, भटका हुआ ‘संत’ साबित करने की होड़ मची है.

चलिए, एक पल के लिए मान भी लिया जाए कि लव गिल बेहद ‘चंट’ हैं. यह भी मान लिया जाए कि उन्होंने ‘बिग बॉस‘ के पुराने सुपरहिट फॉर्मूले, जैसे सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल की आइकॉनिक केमिस्ट्री और वायरल हैशटैग्स को दिमाग में रखकर शो में फुटेज और सर्वाइवल के लिए यह गेम खेला या फिर पहले ‘भाई’ कहकर राखी बांधना और बाद में ओवर-फ्रेंडली होना उनकी सोची-समझी रणनीति हो. लेकिन सवाल यह है कि क्या ताली कभी एक हाथ से बजती है? अगर लव गिल दोषी हैं, तो स्काउट ओपी किस हिसाब से दूध के धुले नजर आ रहे हैं?

बाहर मंगेतर होने के बावजूद किसने तोड़ी मर्यादा?

इस पूरे विवाद का सबसे कड़वा सच यह है कि लव गिल घर में सिंगल आई हैं, जबकि स्काउट ओपी पिछले पांच साल से काशवी हीरानंदानी के साथ कमिटेड रिलेशनशिप में हैं. सोशल मीडिया और रेडिट के ‘बिग बॉस’ फोरम्स पर दर्शक लगातार इस पर सवाल उठा रहे हैं कि एक बालिग और कमिटेड मर्द को कोई कैसे ‘फंसा’ सकता है? स्काउट कोई दो साल के मासूम बच्चे नहीं हैं, जिन्हें उंगली पकड़कर कोई बहका ले जाए. शो के एपिसोड्स ही गवाह हैं कि मर्यादा सिर्फ लव ने नहीं, बल्कि स्काउट ने भी लांघी. चाहे वह गार्डन एरिया में घास पर लिखकर लव के प्रति अपनी रोमांटिक भावनाएं जाहिर करने वाला ‘ग्रास कन्वर्सेशन’ हो या फिर मजाक-मजाक में ‘नाड़ा’ वाली भद्दी टिप्पणी, क्या कोई भाई अपनी बहन के लिए ऐसी हरकतें करता है?

हद तो तब हो गई जब वीकेंड का वार पर खुद उनकी मंगेतर काशवी और मां ने उन्हें आगाह किया, लेकिन इसके बावजूद स्काउट ने खुद जाकर दोबारा लव से बातचीत शुरू की और लव के किसी और से बात करने पर जलन भी दिखाई. जब काशवी ने नेशनल टीवी पर लव पर ‘इमोशनल मैनिपुलेशन’ का आरोप लगाया, तब भी स्काउट ने एक शब्द नहीं बोला और बड़ी चालाकी से ‘बेचारा’ बनकर पतली गली से निकल लिए.

गौहर खान ने भी उठाया ‘बैलेंस’ का सवाल

घरवालों और ट्रोल्स की इस एकतरफा घेराबंदी पर अब ‘बिग बॉस’ की विनर रह चुकीं गौहर खान ने भी आईना दिखाया है. हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपनी राय रखते हुए गौहर ने साफ कहा, “कहीं तो संतुलन होना चाहिए, किसी ने किसी का इस्तेमाल नहीं किया. दोनों के बीच एक बॉन्ड था, वह वैसा नहीं दिखा जैसा वे कह रहे थे, ठीक है! लेकिन घरवाले सिर्फ लव को ही गलत इरादे वाली बताकर क्यों टारगेट कर रहे हैं? यह गलत है. दोनों दोस्त थे, बात नहीं बनी, इट्स कूल!”

ये भी पढ़ें-

प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती ने सुनाया गायत्री मंत्र, क्यूट वीडियो ने जीता फैंस का दिल

ग्लोबल मंच पर बाप-बेटे का जलवा, शाहरुख खान को मिला सम्मान, आर्यन ने TIME100 में बनाई जगह

सारा ठीकरा सिर्फ लड़की के सिर क्यों?

हकीकत यही है कि रियलिटी शोज में जब भी कोई रिश्ता उलझता है, तो समाज और घरवाले सबसे आसान शिकार लड़की को ही बनाते हैं. खुद होस्ट सलमान खान ने भी वीकेंड का वार पर लव को अपनी ‘इंट्यूशन’ (अंतर्ज्ञान) पर भरोसा करने और स्काउट के इरादों को समझने की नसीहत दी थी. वहीं स्काउट को भी बाहर के रिश्तों का लिहाज रखने की चेतावनी दी थी. ऐसे में लव गिल की गेम स्ट्रैटेजी पर सवाल उठाना तो समझ आता है, लेकिन बराबर के हिस्सेदार स्काउट ओपी को ‘संत’ का सर्टिफिकेट देकर सारी कीचड़ सिर्फ लव पर उछालना न तो खेल के लिहाज से सही है और न ही इंसानियत के.

Related Articles

Back to top button