घर पर मौजूद कस्टमर की शिकायत ने खोली डिलीवरी की पोल, भड़ककर बोला- जरूरत हो तो कार भेज दूंगा

कूरियर कंपनी Blue Dart की डिलीवरी सर्विस को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बार एक कस्टमर ने सोशल मीडिया पर अपना ऐसा एक्सपीरियंस शेयर किया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. ग्राहक का आरोप है कि वो पार्सल का इंतजार करते हुए घर पर मौजूद था, लेकिन डिलीवरी करने आए शख्स ने बिना फोन किए और घर तक पहुंचे ही ऑनलाइन स्टेटस में ‘Residence Closed’ अपडेट कर दिया.
यह पूरा मामला X (पहले ट्विटर) यूजर @PranavaBhardwaj की पोस्ट के बाद सामने आया. उन्होंने अपने घर पर इंतजार करते हुए एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ ही Blue Dart की ट्रैकिंग डिटेल का स्क्रीनशॉट भी लगाया, जिसमें पार्सल डिलीवर न होने की वजह घर बंद होना बताई गई थी.
कंपनी पर तंज कसते हुए उन्होंने लिखा कि देखिए, घर पर मौजूद होने के बावजूद डिलीवरी स्टेटस में Residence Closed दिखाया जा रहा है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यहां तक कह दिया कि अगर कंपनी को जरूरत हो तो वह डिलीवरी कर्मचारी को लेने के लिए कार और ड्राइवर भी भेज सकते हैं. उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया.
तीन दिन से हो रही थी यही परेशानी
दिलचस्प बात यह है कि यह पहली बार नहीं था जब ग्राहक ने Blue Dart की डिलीवरी को लेकर शिकायत की हो. इससे पहले 16 नवंबर को भी उन्होंने एक पोस्ट के जरिए अपनी परेशानी बताई थी. उनका कहना था कि लगातार तीन दिनों से पार्सल डिलीवरी के लिए निकल रहा था, लेकिन डिलीवरी कर्मचारी उनकी सोसायटी तक नहीं पहुंच रहा था.
ग्राहक के मुताबिक, दिन खत्म होते ही ट्रैकिंग में ‘Premise was closed’ का मैसेज अपडेट कर दिया जाता था. उन्होंने बताया कि वह एक ऐसी रेजिडेंशियल सोसायटी में रहते हैं, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने के लिए पहले अनुमति लेनी पड़ती है. इसके बावजूद उन्होंने डिलीवरी कर्मचारियों की सुविधा के लिए अपने फ्लैट के बाहर एक अलग रैक भी रखवा रखा है, ताकि कर्मचारी जल्दी में हों तो वहां पार्सल छोड़ सकें.
ग्राहक ने यह भी बताया कि उनका ऑर्डर कैश ऑन डिलीवरी (COD) था, इसलिए उन्हें पार्सल तुरंत मिलने की कोई खास जल्दबाजी नहीं थी. हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि बिना डिलीवरी की कोशिश किए बार-बार गलत स्टेटस अपडेट करने से कंपनी, विक्रेता और लॉजिस्टिक्स कारोबार को नुकसान हो सकता है. उन्होंने Blue Dart की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या कंपनी कभी यह जांच करती है कि डिलीवरी कर्मचारी ग्राहकों के घर बंद होने या उनके उपलब्ध न होने की जो जानकारी देते हैं, वह सही भी है या नहीं.
लगातार शिकायतों के बाद Blue Dart ने उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए लिखा कि प्रणव, आपको हुई परेशानी के लिए हमें खेद है. हमने आपकी शिकायत का जवाब DM के जरिए दिया है. कृपया उसे चेक करें और बताएं कि आपको किसी और मदद की जरूरत है या नहीं. इस बीच कई दूसरे सोशल मीडिया यूजर्स भी इस चर्चा में शामिल हो गए. कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार डिलीवरी कर्मचारी पेट्रोल भत्ते या अन्य फायदे के लिए जानबूझकर डिलीवरी टाल देते हैं. एक यूजर ने Delhivery और DTDC की सर्विस को लेकर भी इसी तरह के एक्सपीरियंस शेयर किए.
यह भी पढ़ें: एक महिला के कई पति और जंगल के जानवरों से खास रिश्ता, कौन हैं अमेजन के आवा आदिवासी?
वहीं, एक अन्य यूजर ने बताया कि उनका क्रेडिट कार्ड करीब 15 दिनों से कूरियर कंपनी के पास अटका हुआ है और हर दिन वही डिलीवरी फेल होने वाला मैसेज मिल रहा है. एक व्यक्ति ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उसका पार्सल लगातार दो दिनों तक रात 10 बजे आउट फॉर डिलीवरी दिखाया गया और बाद में ‘Premise Closed’ का स्टेटस लगा दिया गया. फिलहाल इस मामले में Blue Dart ने ग्राहक को DM के जरिए जवाब देने की बात कही है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर कूरियर कंपनियों की डिलीवरी व्यवस्था और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यहां देखिए पोस्ट
Here you go.
Residence closed.
@BlueDart_ you are funny.
This is me waiting at my residence.
If you say, i will send a car along with driver to pick up your delivery person.
Just say. I am too good to be true. https://t.co/x5Lh3OTfwk
— प्रणव (@PranavaBhardwaj) November 17, 2026





