उत्तर प्रदेश

भारत समेत 9 देशों के सरकारी सिस्टम खतरे में? आम नागरिकों का डेटा लीक होने का डर, एजेंसियों ने दी चेतावनी

दुनियाभर में इन दिनों साइबर हैकर्स के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं. जरा सी लापरवाही पर सरकार से लेकर आम यूजर्स के डेटा खतरे में आ जा रहे हैं. अब कुछ ऐसा ही हुआ है भारत समेत 9 देशों के सरकारी सिस्टम के साथ. भारत के साथ दुनिया के कई देशों में सरकारी सिस्टम संभालने वाले फ्री सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म DIGIT में बड़ी सिक्योरिटी खामी सामने आई है, जिसके बाद से दुनियाभर में हड़कंप मच गया है. जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स वसूली और जल प्रबंधन जैसी जरूरी सर्विस से जुड़े इस सिस्टम में आई काी से लाखों लोगों का पर्सनल डेटा खतरे में पड़ सकता है.

DIGIT में मिली खामी का असर भारत में भी देखने को मिल सकता है. इसको देखते हुए भारत में 20 हजार से ज्यादा स्थानीय निकायों और 9 अन्य देशों में इस्तेमाल हो रहे इस प्लेटफॉर्म को लेकर साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस खामी का फायदा उठाकर हैकर्स बिना किसी लॉगिन के सरकारी डेटाबेस में एंट्री पा सकते हैं और जरूरी रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं. CERT-In ने 25 नवंबर 2026 को अलर्ट जारी किया है. एजेंसी ने संबंधित संस्थानों को सॉफ्टवेयर का नया वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी है.

क्या है DIGIT प्लेटफॉर्म और कहां होता है इस्तेमाल?

अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर DIGIT क्या है और क्या काम करता है. इस सवाल का जवाब है कि DIGIT प्लेटफॉर्म एक ओपन सोर्स सरकारी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है, जिसे eGov India ने तैयार किया है. इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कई जरूरी पब्लिक सर्विस को ऑनलाइन तरीके से चलाने के लिए किया जाता है. इनमें जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना, राजस्व वसूली और जल प्रबंधन जैसी सर्विस शामिल हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत में 20 हजार से ज्यादा स्थानीय सरकारी निकाय इस प्लेटफॉर्म का प्रयोग कर रहे हैं. इसके साथ ही इंडोनेशिया, नाइजीरिया और श्रीलंका समेत 9 दूसरे देशों में भी इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल हो रहा है. भारत सरकार ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म को डिजिटल पब्लिक गुड के रूप में बढ़ावा देती है, जिससे दूसरे देश भी इनका इस्तेमाल कर सकें.

लेकिन अभी यह बात सिर्फ भारत में ही सामने आई है, बाकी अन्य देशों में इस सिस्टम में खतरा है या नहीं, ये जानकारी सामने नहीं आई है.

SQL Injection की वजह से बढ़ा खतरा

CERT-In ने 25 नवंबर को जारी अपनी एडवाइजरी CIVN-2026-0570 में इस समस्या को हाई सीवियरिटी की लिस्ट में रखा है. सरकारी एजेंसी के अनुसार DIGIT Core के वर्जन 2.9 में SQL Injection नाम की सिक्योरिटी खामी मौजूद है. दरअसल SQL Injection एक तरह का साइबर अटैक है. इसमें हैकर्स किसी एप्लिकेशन में मौजूद कमजोरी की मदद से डेटाबेस तक पहुंचने के लिए गलत कमांड भेज देते हैं. अगर सिस्टम यूजर से मिलने वाले इनपुट की सही तरीके से जांच नहीं करता, तो हमलावर इसका फायदा उठा सकते हैं.

इस मामले में खतरा इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि CERT-In के अनुसार साइबर हैकर्स बिना किसी लीगल अकाउंट के भी प्रभावित API के जरिए खास तरह का इनपुट भेजकर इस कमजोरी का फायदा उठा सकता है. ऐसा होने पर डेटाबेस में मौजूद संवेदनशील जानकारी लीक होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है. साथ ही रिकॉर्ड में बदलाव या उन्हें डिलीट करने का भी खतरा बढ़ जाता है.

DIGIT यूज करने वाले संस्थानों को क्या करना होगा?

CERT-In ने प्रभावित संस्थानों को DIGIT के लेटेस्ट वर्जन 2.9.3 पर अपग्रेड करने की सलाह दी है. प्लेटफॉर्म का रखरखाव करने वाली संस्था eGov India ने भी इस समस्या को ठीक करने के लिए अपडेटेड सोर्स कोड जारी कर दिया है.

भारत के अलग-अलग शहरों और सरकारी विभागों में इसके 1,000 से ज्यादा लाइव सिस्टम चल रहे हैं. यह सिर्फ एक नार्मल ऐप नहीं, बल्कि लाखों लोगों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की रीढ़ है. इसलिए किसी भी बड़े साइबर हमले से बचने के लिए समय रहते इस सुरक्षा अपडेट को लागू करना बहुत जरूरी हो गया है.

यह भी पढ़ेंः कहीं कोई चुपके से आपके Aadhaar Card का गलत इस्तेमाल तो नहीं कर रहा? मोबाइल से ऐसे चेक करें पूरी हिस्ट्री

यह भी पढ़ेंः Jio के 50 रुपये वाले प्लान में 28 दिन की वैलिडिटी, हर रात 5 घंटे मिलेगा अनलिमिटेड इंटरनेट, ये रही डिटेल्स

Related Articles

Back to top button