अजब-गजब

बड़े शहरों में रहना कितना महंगा? पुणे के इस लड़के ने गिनाए अपने मंथली खर्चे, तो लोग पूछने लगे कमाई का राज

पुणे जैसे बड़े और तेजी से विकसित होते शहर में एक आरामदायक लाइफस्टाइल जीने के लिए हर महीने आखिर कितने पैसे खर्च होते हैं? यह एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब हर किसी की जरूरतों और कमाई के हिसाब से अलग हो सकता है. लेकिन हाल ही में पुणे में रहने वाले एक स्टार्टअप फाउंडर ने अपने महीने भर के खर्चों का जो हिसाब-किताब सोशल मीडिया पर शेयर किया है, उसने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है.

सक्षम गौर नाम के इस एंटरप्रेन्योर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि वह हर महीने अपनी रोजमर्रा की जरूरतों, फिटनेस, खाने-पीने और किराए पर करीब 1.1 लाख रुपये खर्च कर देते हैं. वीडियो की शुरुआत में ही उन्होंने साफ कर दिया कि यह कोई फाइनेंशियल एडवाइस नहीं है, बल्कि वह सिर्फ अपनी लाइफस्टाइल और खर्च करने के तरीके के बारे में बता रहे हैं.

लाइफस्टाइल का असली सच!

अपने खर्चों की लिस्ट गिनाते हुए सक्षम ने बताया कि वह पुणे में दो अन्य दोस्तों के साथ एक 3-बीएचके फ्लैट शेयर करते हैं. इस फ्लैट के किराए में उनका हिस्सा करीब 22,000 रुपये आता है. इसके अलावा घर के बाकी खर्चों, जैसे मेड की सैलरी, बिजली का बिल और वाई-फाई वगैरह पर उनके हर महीने 7,000 से 8,000 रुपये और निकल जाते हैं. सक्षम के खर्च का एक बहुत बड़ा हिस्सा उनके खान-पान और क्विक कॉमर्स ऐप्स पर जाता है. उन्होंने बताया कि वह हर दो-तीन दिन में करीब 1,000 रुपये के सिर्फ फल मंगवाते हैं, जिसका महीने का बिल लगभग 10,000 रुपये बैठता है. वहीं, इंस्टेंट डिलीवरी ऐप्स के जरिए ग्रॉसरी और खाने-पीने का सामान ऑर्डर करने में उनका खर्च महीने के 25,000 से 30,000 रुपये तक पहुंच जाता है.

फिटनेस और सेहत को लेकर भी सक्षम काफी गंभीर हैं. वह एक खास डाइट फॉलो करते हैं और सिर्फ सप्लीमेंट्स पर ही हर महीने 20,000 से 21,000 रुपये खर्च करते हैं. इसके साथ ही उनकी जिम की मेंबरशिप का खर्च 2,500 रुपये महीना है. शॉपिंग की बात करें तो सक्षम का कहना है कि वह आमतौर पर फिजूलखर्ची या ज्यादा खरीदारी नहीं करते. हालांकि, हाल ही में उन्होंने चार साल के लंबे इंतजार के बाद खुद को ट्रीट देते हुए 90,000 रुपये के ‘सकाई वेपरवैफल’ (Sacai VaporWaffle) स्नीकर्स खरीदे हैं. घूमने-फिरने के खर्चों को उन्होंने इस बजट से बाहर रखा है, क्योंकि उनका मानना है कि ट्रैवल फिक्स नहीं होता. उन्होंने बताया कि वह जल्द ही गोवा और फिर हांगकांग जाने वाले हैं, जिनकी फ्लाइट टिकट्स को उन्होंने इस हिसाब में नहीं जोड़ा है.

दिलचस्प बात यह है कि सक्षम के क्रेडिट कार्ड का कुल बिल अक्टूबर महीने में 1,83,500 रुपये आया था, जिसमें उनके बिजनेस से जुड़े खर्च भी शामिल थे. बाहर घूमने और बाइक के मेंटेनेंस जैसे छोटे-मोटे खर्चों का वह अलग से हिसाब नहीं रखते. कैप्शन में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि बाद में जोड़ने पर उनका प्राइवेट खर्च करीब 1.1 लाख रुपये निकला.

यह भी पढ़ें: सेहत से लेकर जिंदगी की आखिरी सच्चाई तक, इन 3 जगहों से सीखें जीवन का मतलब

इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों के मजेदार रिएक्शन आने लगे. एक यूजर ने कमेंट किया कि जितना इनका महीने का खर्च है, उतनी सैलरी पाना मेरा सपना है. वहीं कई लोगों ने उत्सुकता दिखाते हुए पूछा कि आखिर इनका बिजनेस हर महीने कितना मुनाफा कमाता है.

यहां देखिए वीडियो

Instagram पर यह पोस्ट देखें

Saksham Gaur (@whysaksham) द्वारा साझा की गई पोस्ट

Related Articles

Back to top button