“ज्यादा कमाओ तो जलन, बेरोजगार रहो तो मुफ्त का ज्ञान…” ‘चार लोग क्या कहेंगे’ के चक्कर में फंसने वालों को ये पोस्ट जरूर पढ़नी चाहिए

अक्सर हमारे घरों में कोई भी छोटा-बड़ा फंक्शन हो, तो सबसे पहले यही सोचा जाता है कि ‘मेहमान क्या कहेंगे’ या ‘समाज में नाक न कट जाए’. इसी दिखावे और समाज को खुश करने के चक्कर में लोग अपनी मेहनत की कमाई पानी की तरह बहा देते हैं. लेकिन क्या सच में इतना खर्च करने के बाद लोग खुश होते हैं? इसी कड़वे सच पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) पर एक महिला की पोस्ट ने इंटरनेट पर जोरदार बहस छेड़ दी है.
पिंकी (@PinkiPragya) नाम की एक यूजर ने अपने आस-पड़ोस का एक बेहद आम, लेकिन सोचने पर मजबूर कर देने वाला किस्सा शेयर किया. उन्होंने लिखा कि कई बार उन्हें हैरानी होती है कि लोग समाज को खुश रखने के लिए इतना पैसा क्यों बर्बाद करते हैं. अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने अपने ही एक पड़ोसी का उदाहरण दिया.
आंखें खोल देगी ये वायरल पोस्ट
पिंकी ने बताया कि उनके पड़ोसी ने हाल ही में अपने बेटे के जन्मदिन पर एक बेहद शानदार और ग्रैंड पार्टी रखी थी. इस जश्न में खाने-पीने से लेकर सजावट तक, हर चीज पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया गया था. जाहिर है, मेजबान की यही कोशिश रही होगी कि आने वाले मेहमानों को किसी तरह की कोई कमी न रहे और सब खुश होकर जाएं, लेकिन असली खेल तो पार्टी खत्म होने के बाद शुरू हुआ. पिंकी ने इस बात पर हैरानी जताई कि जिन मेहमानों ने पार्टी में आकर जमकर दावत उड़ाई और इंतजामों का पूरा लुत्फ उठाया, वही लोग घर जाते ही मेजबान की बुराई करने लगे.
हद तो तब हो गई जब लोगों ने उनकी कमाई पर ही सवाल खड़े कर दिए. पिंकी के मुताबिक, दावत खाने के बाद वही मेहमान पीठ पीछे यह बातें बनाने लगे कि पड़ोसी के पास जरूर ‘काला धन’ है और वह कोई गैर-कानूनी काम करता है, तभी इतना पैसा उड़ा रहा है.
इस दोहरे रवैये पर नाराजगी जताते हुए पिंकी ने लिखा कि जब लोग ऐसा ही व्यवहार करते हैं, तो दूसरों को दिखाने के लिए पैसा खर्च करने का क्या ही फायदा? उन्होंने बड़े सटीक शब्दों में लिखा, “आप उन्हें खिलाते हैं, तो वो कमियां निकालते हैं. आप उन पर खर्च करते हैं, तो वो आपकी कमाई पर ही शक करने लगते हैं.” अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने एक सीधा सवाल पूछा कि आखिर ऐसे समाज को खुश करने के लिए करोड़ों-लाखों खर्च करने की क्या जरूरत है, जो कभी संतुष्ट ही नहीं हो सकता?
यह भी पढ़ें: बड़े शहरों में रहना कितना महंगा? पुणे के इस लड़के ने गिनाए अपने मंथली खर्चे, तो लोग पूछने लगे कमाई का राज
पिंकी की यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और कमेंट सेक्शन में लोगों ने अपने दिल की भड़ास निकालनी शुरू कर दी. ज्यादातर यूजर्स ने उनकी बात से सहमति जताई और कहा कि आप चाहे कुछ भी कर लें, लोग तो बातें बनाएंगे ही. एक यूजर ने समाज की मानसिकता पर तंज कसते हुए लिखा कि अगर आप ज्यादा कमाते हैं तो लोगों के पेट में दर्द होने लगता है, और अगर आप बेरोजगार हैं तो यही लोग आपको मुफ्त का ज्ञान देने आ जाते हैं. इसलिए समाज की परवाह छोड़िए और जो दिल करे, अपनी खुशी के लिए कीजिए. वहीं, एक अन्य यूजर ने बेहद गहरी बात लिखते हुए कमेंट किया कि हम उस समाज को खुश करने में लगे रहते हैं, जो हमें कभी खुश देखना ही नहीं चाहता.
यहां देखिए पोस्ट
Sometimes I wonder why people waste so much money trying to please society. My neighbour organised a lavish birthday feast for his son today, spending generously on food and arrangements.
The irony? These same people will criticise the arrangements and food while eating, then go home and gossip about him, calling his income black money and accusing him of illegal activities.. 1/2
— Pinki (@PinkiPragya) November 29, 2026




