अजब-गजब

घर का किचन छोड़ ट्रेन की सीट बनी कुकिंग टेबल, सैंडविच बनाने का वीडियो वायरल

ट्रेन में लंबा सफर हो तो लोग अक्सर घर से खाना और नाश्ता लेकर चलते हैं. लेकिन अगर कोई सफर के दौरान ट्रेन की सीट को ही किचन बना ले तो चर्चा होना लाजमी है. ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार की महिलाएं ट्रेन के 3AC कोच में बैठकर सैंडविच बनाती नजर आ रही हैं. इस वीडियो को देखकर कुछ लोग मजे ले रहे हैं, तो कुछ ने इसे दूसरे यात्रियों की परेशानी और ट्रेन की सुरक्षा से जोड़कर सवाल उठाए हैं.

बताया जा रहा है कि यह परिवार सूरत से ट्रेन में सफर कर रहा था. वीडियो में देखा जा सकता है कि कोच के अंदर कुछ महिलाएं अपनी सीट और आसपास की बर्थ पर अखबार बिछा देती हैं. इसके बाद ब्रेड, सब्जियां और चटनी निकालकर सैंडविच बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है. देखते ही देखते ट्रेन की बर्थ एक छोटी सी किचन जैसी नजर आने लगती है. इस दौरान महिलाएं बड़े आराम से पूरे परिवार के लिए सैंडविच तैयार करती दिखाई देती हैं. लेकिन वीडियो में एक महिला की बात ने लोगों का खास ध्यान खींचा. वह कहती सुनाई देती है कि अगर वे इलेक्ट्रिक टोस्टर भी साथ लेकर आते तो सैंडविच को ग्रिल भी कर सकते थे. बस फिर क्या था, इस एक बात ने सोशल मीडिया पर बहस को और बढ़ा दिया.

सफर कर रहे हैं या पिकनिक मनाने निकले हैं?

दरअसल, ट्रेन में घर का बना खाना लेकर चलना कोई नई बात नहीं है. लंबी दूरी की यात्रा में ज्यादातर यात्री अपने साथ खाने-पीने का सामान रखते हैं. लेकिन खाने को साथ ले जाना और ट्रेन की साझा सीटों पर बैठकर खाना तैयार करना, दोनों अलग बातें हैं. 3AC कोच में एक ही जगह कई यात्री सफर करते हैं. ऐसे में किसी एक परिवार का इस तरह बर्थ पर खाना बनाना दूसरे लोगों को असहज कर सकता है.

वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने सवाल किया कि जब सैंडविच घर पर आसानी से बनाए जा सकते थे, तो उन्हें ट्रेन में बनाने की जरूरत ही क्या थी? कुछ यूजर्स का कहना है कि चटनी, मसालों और सब्जियों की गंध पूरे AC कोच में फैल सकती है. वहीं इलेक्ट्रिक टोस्टर साथ लाने की बात ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी. गौरतलब है कि ट्रेन के डिब्बों में खाना पकाने के लिए इलेक्ट्रिक हीटिंग उपकरणों का इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं है. ऐसे उपकरण आग लगने या बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं. रेलवे के सुरक्षा नियमों के तहत कोच में खाना पकाने की अनुमति नहीं है.

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अलग-अलग राय दी. एक यूजर ने लिखा कि चटनी और मसालों की तेज गंध पूरे AC कोच में फैल जाएगी. सारा सामान घर पर तैयार करके लाना चाहिए था.
एक अन्य यूजर ने कहा कि सैंडविच घर पर बनाकर डिब्बे में रखे जा सकते थे. वहीं कुछ लोगों ने परिवार का बचाव करते हुए कहा कि अगर वे खाना बनाने के बाद जगह साफ रखते हैं और किसी को परेशानी नहीं होती, तो इसमें इतना बड़ा मुद्दा बनाने की क्या जरूरत है?

यह भी पढ़ें: त्योहार से ठीक पहले गई नौकरी, कर्मचारी ने बताया HR की एक कॉल ने खराब कर दी दिवाली

फिलहाल यह वीडियो एक बार फिर यही सवाल खड़ा कर रहा है कि सार्वजनिक जगहों पर अपनी सुविधा के साथ-साथ दूसरों की सहूलियत और सुरक्षा का ध्यान रखना भी कितना जरूरी है. आखिर ट्रेन की बर्थ सबकी है, किसी की निजी किचन नहीं!

यहां देखिए वीडियो

Related Articles

Back to top button