हाथ में धनिया, साथ में मूली और चेहरे पर कॉन्फिडेंस! वसई के फैशन शो ने मचाया धमाल

फैशन शो का नाम सुनते ही दिमाग में बड़े-बड़े डिजाइनर, महंगे कपड़े, चमचमाती लाइटें और सितारों से सजी महफिल की तस्वीर आने लगती है. लेकिन मुंबई के वसई में कुछ ऐसा हुआ, जिसने फैशन की इस पूरी परिभाषा को ही बदलकर रख दिया. यहां न कोई आलीशान रैंप था, न डिजाइनर ब्रांड्स का जलवा और न ही किसी बड़े होटल का सेटअप. फैशन शो हुआ तो सीधे सब्जी मंडी में, जहां मॉडल्स के हाथ में महंगे हैंडबैग की जगह मूली और धनिया नजर आया.
जी हां, वसई की एक बिजी सब्जी मंडी अचानक फैशन वीक के रैंप में बदल गई. इस अनोखे फैशन शो का नाम ‘Vision Vogue Fashion Week’ रखा गया. यहां मॉडल्स ने सब्जियों को अपना फैशन एक्सेसरी बनाया और भीड़भाड़ वाली मंडी की गलियों में पूरे कॉन्फिडेंस के साथ कैटवॉक किया. इस अनोखे अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को हैरान भी किया और खूब हंसाया भी.
सब्जियां बन गईं फैशन एक्सेसरीज
इस पूरे आइडिया के पीछे मुंबई के फैशन मेंटर और मॉडल साहिल सिंह का दिमाग था. उन्होंने फैशन शो को एक अलग अंदाज में पेश करने के लिए इस कॉन्सेप्ट को तैयार किया. उनका मकसद था कि फैशन को सिर्फ महंगे कपड़ों, बड़े ब्रांड्स और लग्जरी लोकेशन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि आम जगहों पर भी क्रिएटिविटी दिखाई जा सकती है.
इसी सोच के साथ सब्जी मंडी को फैशन रैंप बना दिया गया. यहां मॉडल्स अपने स्टाइलिश आउटफिट्स में नजर आए, लेकिन उनके लुक की सबसे खास बात थीं सब्जियां. किसी के हाथ में मूली थी तो किसी ने धनिया की गड्डी को अपने स्टाइल का हिस्सा बना लिया. यानी जहां आमतौर पर लोग सब्जियां खरीदने के लिए मोलभाव करते दिखाई देते हैं, वहीं इस बार सब्जियां फैशन का हिस्सा बनकर लोगों का ध्यान खींच रही थीं.
साहिल सिंह ने इस फैशन वॉक का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में लड़के और लड़कियां पूरे आत्मविश्वास के साथ मंडी की संकरी गलियों में कैटवॉक करते दिखाई दे रहे हैं. उनके आसपास सब्जियों की दुकानें हैं, खरीदारी करते लोग हैं और रोज की तरह चलती बाजार की हलचल भी है. लेकिन इन सबके बीच मॉडल्स का अंदाज बिल्कुल अलग नजर आता है. वे ऐसे चल रहे हैं, मानो किसी बड़े इंटरनेशनल फैशन शो के रैंप पर उतर आए हों. फर्क सिर्फ इतना है कि यहां कैमरों की चमक और महंगे सेट की जगह सब्जियों से भरी दुकानें हैं.
Instagram पर यह पोस्ट देखें
मॉडल्स ने अपने कपड़ों के साथ बाजार में आसानी से मिलने वाली चीजों को इस तरह इस्तेमाल किया कि उनका लुक और भी दिलचस्प बन गया. किसी ने मूली को स्टाइल स्टेटमेंट बना लिया तो किसी ने हरी-भरी धनिया की गड्डी के साथ अपना अंदाज दिखाया. इस पूरे शो में यही देसी तड़का सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. वीडियो को और मजेदार बनाता है इसका बैकग्राउंड म्यूजिक. इसमें ट्रेंडिंग पहाड़ी गाना ‘स्वामी परदेश’ सुनाई देता है, जो पूरे फैशन वॉक को एक अलग ही रंग देता है. मॉडल्स का कॉन्फिडेंस, सब्जियों का अनोखा इस्तेमाल और गाने की धुन मिलकर वीडियो को काफी दिलचस्प बना देते हैं.
Instagram पर यह पोस्ट देखें
साहिल सिंह के मुताबिक, इस कॉन्सेप्ट के पीछे Vogue से मोटिवेशन लेने का विचार था. वह पारंपरिक फैशन शो को एक नए और क्रिएटिव तरीके से लोगों के सामने लाना चाहते थे. उनका मानना था कि फैशन दिखाने के लिए किसी महंगे मंच या डिजाइनर ब्रांड की जरूरत नहीं है. अगर आपके अंदर आत्मविश्वास और कुछ नया करने का आइडिया है, तो आप किसी भी जगह को अपना रैंप बना सकते हैं.
यह भी पढ़ें: न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए 4,599 से 8,599 रुपये तक चार्ज, केरल के रिसॉर्ट की शर्त ने ग्राहक को किया परेशान
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है. लोग इस अनोखे आइडिया और मॉडल्स के कॉन्फिडेंस को देखकर हैरान हैं. किसी को सब्जियों के साथ किया गया यह एक्सपेरिमेंट मजेदार लग रहा है, तो कोई इसे फैशन की दुनिया का देसी और क्रिएटिव अंदाज बता रहा है. वैसे देखा जाए तो इस फैशन शो ने एक बात तो साफ कर दी है कि स्टाइल दिखाने के लिए हमेशा महंगे ब्रांड्स की जरूरत नहीं होती. कभी-कभी घर के पास की सब्जी मंडी भी ऐसा मंच बन सकती है, जहां लोग आपको पलट-पलटकर देखें. अब तक लोग मंडी में सस्ती सब्जियों की तलाश में जाते थे, लेकिन वसई में तो लोगों को सब्जियों के साथ फैशन शो भी देखने को मिल गया. ऐसे में अगली बार धनिया खरीदने जाएं तो जरा संभलकर, कहीं आपके सामने कोई मॉडल मूली लेकर कैटवॉक करता न मिल जाए!




