रावण की बहन का रोल करने गई एक्ट्रेस, मेकर्स ने बना दिया लक्ष्मण की पत्नी, बोलीं-मैं निगेटिव किरदार निभाना चाहती थी

Ramayan: फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. फिल्म को सिनेमाघरों में दस्तक देने में अब महज एक दिन बाकी है और दर्शकों के बीच इसे लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा है. इस फिल्म में रणबीर कपूर पहली बार भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिसे देखने के लिए उनके चाहने वाले काफी उत्साहित हैं. फिल्म में सई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह समेत कई कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे.
फिल्म का हिस्सा एक्ट्रेस सोनिया बलानी भी हैं, जो केरला स्टोरी में नजर आई थीं. अब वो रामायण में लक्ष्मण की पत्नी उर्मिला का रोल निभा रही हैं. लेकिन एक्ट्रेस ने खुलासा किया है कि वो फिल्म रामायण में रावण की बहन का किरदार निभाना चाहती थीं. लेकिन उन्हें कोई और रोल दे दिया गया. ऐसा क्यों हुआ इसे लेकर भी सोनिया ने बात की है. आइए जानते हैं आखिर रोल बदलने की वजह क्या थी?
शूर्पणखा बनना चाहती थीं सोनिया
‘द केरला स्टोरी’ फेम एक्ट्रेस सोनिया ने हाल ही में एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि वो ‘रामायण’ में रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभाना चाहती थीं. लेकिन जब उन्होंने ऑडियशन दिया तो फिल्म के डायरेक्टर ने उन्हें फिल्म लक्ष्मण की पत्नी के रोल के लिए सेलेक्ट कर लिया. एक्ट्रेस का कहना था कि वो नेगेटिव रोल निभाना चाहती थीं.
नितेश तिवारी पर सोनिया को पूरा भरोसा
सोनिया बलानी से जब पूछा गया कि ‘द केरल स्टोरी’ में नेगेटिव किरदार निभाने के बाद क्या दर्शक उन्हें उर्मिला के रूप में पसंद करेंगे, तो उन्होंने पूरे विश्वास के साथ इसका जवाब हां में दिया. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी पर पूरा भरोसा है. उनके मुताबिक, फिल्म को लेकर भले ही अभी कई तरह की चर्चाएं हो रही हों, लेकिन जब दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखेंगे तो उनकी सारी शंकाएं दूर हो जाएंगी. सोनिया का मानना है कि फिल्म इतनी अच्छी तरह से बनाई गई है कि दर्शक कलाकारों के बजाय राम, सीता और उर्मिला जैसे किरदारों से जुड़ पाएंगे.
‘रामायण’ को लेकर क्या बोलीं सोनिया?
सोनिया ने बताया कि फिल्म में दर्शकों को रामायण की कहानी नए अंदाज में देखने को मिलेगी. आज की आधुनिक तकनीक और VFX की मदद से युद्ध के दृश्यों को पहले से बिल्कुल अलग तरीके से दिखाया जाएगा. उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उर्मिला का किरदार फिल्म के दोनों पार्ट में मौजूद रहेगा. फिल्म का दूसरा हिस्सा साल 2027 में रिलीज किया जाएगा.




