नमित मल्होत्रा का बड़ा फैसला… ‘रामायण 2’ पोस्टपोन, कब तक करना होगा इंतजार?

Ramayana 2 Postponed: पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर ऐसी बातें हो रही थीं कि रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ साल 2027 की जगह 2028 में रिलीज हो सकती है. मेकर्स इसे पोस्टपोन करने का प्लान कर रहे हैं. हालांकि, आधिकारिक ऐलान होना बाकी था. अब फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुद कंफर्म कर दिया है कि ‘रामायण 2’ की रिलीज में देरी होगी. इसके लिए 2028 तक इंतजार करना पड़ेगा. उनका कहना है कि उन्हें फिल्म को अच्छे से बनाने के लिए एक साल का और समय चाहिए.
नमित मल्होत्रा ने बताया कि वो दूसरे पार्ट को लेकर किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं. उन्हें जिस तरह पार्ट-1 को बेहतरीन तरीके से बनाने के लिए अच्छा-खासा समय मिला, ठीक उसी तरह वो दूसरे पार्ट को भी समय देना चाहते हैं. ऐसे में ‘रामायण 2’ दिवाली 2027 पर रिलीज नहीं होगी. दूसरे पार्ट के पोस्टपोन होने की खबर पहले पार्ट की रिलीज से ठीक एक दिन पहले सामने आई है.
नमित मल्होत्रा ने क्या कुछ कहा?
‘रामायण‘ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. इस बीच नमित मल्होत्रा ने ‘रामायण 2′ के पोस्टपोन होने की जानकारी दी. E! News को दिए इंटरव्यू में फिल्म के पोस्टपोन होने के लेकर उन्होंने कहा, “चूंकि दुनिया भर में इसको लेकर काफी उत्साह है, इसलिए हम थोड़ा और समय लेना चाहते हैं ताकि जब हम ग्रैंड फिनाले पेश करें, तो हमारे पास पार्ट वन की तरह ही काम करने के लिए पर्याप्त समय हो.”
उन्होंने आगे कहा, “मेरा मानना है कि इतने बड़े पैमाने की फिल्म के साथ पूरा न्याय करने के लिए हमें एक और साल चाहिए. जब ’पार्ट 2’ आएगा, तो वो बिल्कुल एक अलग ही कहानी होगी. हम कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते और समय से आगे नहीं भागना चाहते. फिनाले (फाइनल पार्ट) को हम शानदार तरीके से पेश करना चाहते हैं.”
ये भी पढ़ें-
रणबीर की रामायण से बेटी राहा का बॉलीवुड में डेब्यू, राम-सीता और लक्ष्मण संग की शूटिंग
हनुमान अंश सिंगर सुनील लोधी की जिंदगी में लौटेगा उजाला! आंखों का इलाज शुरू, हुए इमोशनल, नया पोस्ट वायरल
‘रामायण’ का तीसरा पार्ट भी आएगा?
जब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी तो इसे ट्रिलॉजी यानी तीन पार्ट में ही बनाने की योजना थी. बाद में मेकर्स ने इसे दो पार्ट में ही आगे ले जाने का फैसला किया. एक दूसरे इंटरव्यू में नमित मल्होत्रा ने ‘रामायण’ को फिर से तीन पार्ट में बनाने के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हम फिर से योजना पर विचार कर सकते हैं और देख सकते हैं कि क्या कुछ और जोड़ने या हटाने की जरूरत है. ये इस बात पर निर्भर करेगा कि दुनिया ने इसे कैसे लिया है, क्योंकि हमारे पास एक ही फिल्म के दो अलग-अलग वर्जन हैं, और पार्ट वन के ही दो अलग-अलग रनटाइम हैं.”




