IIM मुंबई में एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू, 7 महीने में सीखें डेटा एनालिटिक्स

भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) मुंबई ने एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड एनालिटिक्स में एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम के चौथे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस प्रोग्राम को जारो एजुकेशन के सहयोग से संचालित किया जाएगा. सात महीने के इस कोर्स में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के साथ डेटा एनालिटिक्स और मैनेजमेंट से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी. इसमें ऑनलाइन क्लास के साथ कैंपस में पढ़ने का एक्सपीरियंस भी मिलेगा.
इच्छुक उम्मीदवार 20 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसमें एडमिशन के लिए ग्रेजुएशन और वर्क एक्सपीरियंस की शर्त रखी गई है.
सात महीने का होगा प्रोग्राम
IIM मुंबई का यह एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम उन प्रोफेशनल्स के लिए तैयार किया गया है जो प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपनी स्किल्स बेहतर करना चाहते हैं. इसकी अवधि सात महीने होगी. पढ़ाई ब्लेंडेड मोड में कराई जाएगी. इसमें लाइव ऑनलाइन क्लास के अलावा कैंपस में दो दिन का इंटेंसिव लर्निंग सेशन भी आयोजित होगा. यह कैंपस सेशन प्रोग्राम के आखिरी राउंड में होगा. कोर्स की शुरुआत 20 दिसंबर 2026 से होगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस प्रोग्राम में एडमिशन के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से किसी भी सब्जेक्ट में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके लिए 10+2+3 पैटर्न के तहत पढ़ाई पूरी होना जरूरी है.
- ग्रेजुएट उम्मीदवार के पास डिग्री पूरी करने के बाद कम से कम तीन साल का वर्क एक्सपीरियंस होना चाहिए.
- डिप्लोमा होल्डर भी आवेदन कर सकते हैं. उनके पास कम से कम पांच साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है.
- डिप्लोमा के मामले में 10+2+3 पैटर्न के तहत योग्यता और कम से कम 50 प्रतिशत अंक की शर्त लागू होगी.
कितनी देनी होगी फीस?
IIM मुंबई के इस प्रोग्राम की कुल फीस 2,20,000 रुपये रखी गई है. इसके अलावा उम्मीदवारों को लागू GST भी देना होगा. अप्लाई करने के लिए 1,000 रुपये की फीस तय की गई है. इस पर भी GST अलग से देना होगा. प्रोग्राम पूरा करने वाले उम्मीदवारों को एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड एनालिटिक्स में एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम का वैलिडेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा.
प्रोजेक्ट मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स की बढ़ रही मांग
संस्थान के मुताबिक, दुनियाभर में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से जुड़े प्रोफेशनल्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है. प्रोजेक्ट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI) की रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक वैश्विक अर्थव्यवस्था को 2.5 करोड़ अतिरिक्त प्रोजेक्ट प्रोफेशनल्स की जरूरत हो सकती है. वहीं, 2027 तक दुनियाभर में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से संबंधित करीब 8.77 करोड़ पदों की जरूरत होने का अनुमान है.
IIM मुंबई के अनुसार, कंपनियां भी प्रोजेक्ट प्लानिंग और कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रही हैं. क्विक्सी की रिपोर्ट में सामने आया है कि 46 प्रतिशत संगठन प्रोजेक्ट प्लानिंग को अपनी प्राथमिकता मानते हैं, जबकि 68 प्रतिशत संगठन बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट स्किल्स विकसित करने पर जोर दे रहे हैं. ऐसे में इस कोर्स के जरिए प्रोफेशनल्स को प्रोजेक्ट प्लानिंग, एनालिटिक्स और डेटा आधारित फैसले लेने की समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा.




