Dhadkan 2: 26 साल बाद बनेगी ‘धड़कन 2’? अक्षय-शिल्पा बाहर, पर सुनील शेट्टी का होगा कैमियो!

Dhadkan 2: इस वक्त कई कल्ट फिल्मों के सीक्वल पर काम चल रहा है. कुछ फिल्मों को कंफर्म कर दिया गया है, तो कुछ को लेकर मेकर्स अब भी कन्फ्यूज हैं कि आगे बढ़ना भी है या नहीं. इसी बीच अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी की ‘धड़कन’ भी चर्चा में आ गई है. जिसके एक-एक गाने और डायलॉग फैन्स को अब भी याद होंगे. साल 2000 में यह रोमांटिक फिल्म रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी. और अब ‘धड़कन 2’ को बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं.
हाल ही में मिड-डे पर एक रिपोर्ट छपी. जिसके मुताबिक, मेकर्स इस सुपरहिट फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम कर रहे हैं. हालांकि, इस नई फिल्म में पुरानी जोड़ी नहीं दिखेगी, उनकी जगह एक बिल्कुल नई और फ्रेश स्टारकास्ट को लेने की प्लानिंग है. यानी अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगे.
क्या ‘धड़कन 2’ में होंगे सुनील शेट्टी?
वहीं, इस रिपोर्ट से पता लगा कि, ओरिजिनल फिल्म में ‘देव’ के किरदार से लोगों का दिल जीतने वाले सुनील शेट्टी के फैन्स के लिए गुड न्यूज है. कहा जा रहा है कि वो इस फिल्म में वापसी कर सकते हैं. खबरों की मानें तो ‘धड़कन 2’ में सुनील शेट्टी को एक बेहद खास कैमियो रोल के लिए अप्रोच किया गया है. फिल्म की कहानी आज के दौर के रिश्तों, प्यार और दिल टूटने के इर्द-गिर्द बुनी जाएगी. ऐसे में सुनील शेट्टी की एंट्री इस फिल्म के फैन्स के लिए बड़ा सरप्राइज लेकर आएगी.
जहां पहली फिल्म का डायरेक्शन धर्मेश दर्शन ने किया था. लेकिन सीक्वल के लिए डायरेक्टर बदलने की चर्चा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ जैसी फिल्में बना चुके श्री नारायण सिंह इस पर काम कर सकते हैं. उन्हें ‘धड़कन 2’ के डायरेक्शन की कमान संभालने के लिए चुना जा सकता है. फिलहाल मेकर्स और उनके बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआती बातचीत चल रही है.
सीक्वल का कितना काम हो गया?
फिलहाल ‘धड़कन 2’ प्री-प्रोडक्शन और स्क्रिप्टिंग के शुरुआती फेज में है. लीड रोल के लिए इस वक्त नए चेहरों की तलाश की जा रही है. और कास्टिंग को लेकर अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है. प्रोडक्शन हाउस की तरफ से भी इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है. लेकिन इस खबर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैन्स के बीच तगड़ा बज बना हुआ है.




