बिहार में JEE-NEET की फ्री कोचिंग के आवेदन शुरू, 10वीं के स्टूडेंट 19 नवंबर तक करें अप्लाई

बिहार में इंजीनियरिंग और मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देख रहे 10वीं के छात्रों के लिए अच्छी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सेशन 2027-29 के लिए जेईई और नीट की मुफ्त कोचिंग में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक स्टूडेंट 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए चयन परीक्षा छह दिसंबर को संभावित है. चयनित स्टूडेंट्स को पटना में आवासीय और राज्य के नौ प्रमंडलीय जिलों में गैर-आवासीय कोचिंग की सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि पढ़ाई के साथ स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप, फ्री स्टडी मटेरियल और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी.
BSEB की ओर से यह शेड्यूल 2027-29 सेशन के लिए चलाया जाएगा. इसके तहत जेईई और नीट की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स को दो साल तक निशुल्क पढ़ाई कराई जाएगी. पटना में छात्रों के लिए आवासीय कोचिंग की व्यवस्था होगी. यहां रहने और खाने की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी. इसके अलावा पटना, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, गया और मुंगेर में गैर-आवासीय कोचिंग सेंटर बनाए जाएंगे. इन केंद्रों पर स्टूडेंट घर से आकर पढ़ाई कर सकेंगे.
हर महीने मिलेगी स्कॉलरशिप
आवासीय कोचिंग में पढ़ने वाले प्रत्येक स्टूडेंट को हर महीने 400 रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी. वहीं, गैर-आवासीय कोचिंग के स्कॉलरशिप को प्रतिमाह 1,000 रुपये मिलेंगे. यह राशि दो साल तक दी जाएगी.
बेहतर स्टडी मटेरियल मिलेगा
सभी स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए बेहतर स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराई जाएगी. कक्षाओं में एयर कंडीशनर और डिजिटल बोर्ड की सुविधा होगी. पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए अलग से शंका समाधान कक्षाएं भी लगेंगी. देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में पढ़ा चुके एक्सपीरियंस टीचर जेईई और नीट की तैयारी कराएंगे.
हर महीने होंगे चार टेस्ट
पटना के आवासीय केंद्र में करीब 50 छात्र और 50 छात्राओं का बैच बनाया जाएगा. यहां हर महीने चार ओएमआर आधारित या कंप्यूटर बेस्ड परीक्षाएं आयोजित होंगी. छात्र-छात्राओं के हेल्थ का ध्यान रखने के लिए पुरुष और महिला डॉक्टरों के साथ नर्सों की फ्री सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना के लिए बिहार बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई या किसी अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड की 10वीं की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले स्टूडेंट आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, इसके लिए स्टूडेंट्स को 11वीं में बिहार बोर्ड से संबद्ध प्लस टू स्कूल में एडमिशन लेने का इच्छुक होना चाहिए.
आवेदन की फीस और सेलेक्शन प्रोसेस
स्टूडेंट्स को समिति की कोचिंग संबंधी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. पटना के आवासीय कोचिंग कार्यक्रम के लिए 100 रुपये आवेदन फीस देनी होगी. वहीं, गैर-आवासीय कोचिंग के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी. आवेदन की लास्ट डेट 9 नवंबर 2026 है. चयन के लिए परीक्षा 6 दिसंबर को संभावित है.




