YouTubers और कंटेंट क्रिएटर्स की हुई मौज! Instagram Edits अब MacBook पर, 4K वीडियो का भी मिलेगा सपोर्ट

Instagram ने अपने वीडियो बनाने और एडिट करने वाले ऐप Edits का डेस्कटॉप वर्जन macOS के लिए लॉन्च कर दिया है. अब Mac यूजर्स भी इस ऐप पर बड़े स्क्रीन के साथ वीडियो एडिट कर सकेंगे.इसमें कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो वीडियो एडिटिंग को पहले से ज्यादा आसान और बेहतर बना सकते हैं. इनमें मल्टी-ट्रैक टाइमलाइन, कीफ्रेम कंट्रोल, कलर ग्रेडिंग टूल्स और अपनी पसंद के फॉन्ट और ऑडियो इस्तेमाल करने की सुविधा शामिल है.खास बात यह है कि यूजर्स बिना किसी वॉटरमार्क के 4K तक की क्वालिटी में वीडियो एक्सपोर्ट कर सकते हैं और सीधे Instagram पर पोस्ट भी कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, मोबाइल पर लॉन्च होने के एक साल से कुछ ज्यादा समय में Edits के यूजर्स की संख्या 50 मिलियन पार कर गई है.
Mac पर Edits ऐप में मिलेंगे कई नए एडिटिंग टूल्स
Edits के प्रोडक्ट लीड Brett Westervelt के मुताबिक, इस ऐप का Mac वर्जन खास तौर पर उन क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें स्मार्टफोन पर वीडियो एडिट करते समय कई तरह की परेशानियां होती हैं. फोन की छोटी स्क्रीन पर एक साथ कई क्लिप के साथ काम करना और बारीकी से बदलाव करना आसान नहीं होता. Mac की बड़ी स्क्रीन के साथ कीबोर्ड और माउस का इस्तेमाल करके अब क्रिएटर्स ज्यादा आसानी से अपने वीडियो एडिट कर सकेंगे.
इसमें मल्टी-ट्रैक टाइमलाइन दी गई है, जिसकी मदद से एक साथ कई वीडियो क्लिप पर काम किया जा सकता है। ट्रांजिशन और दूसरे बदलावों के लिए कीफ्रेम कंट्रोल भी मिलते हैं। इसके अलावा, ऑडियो की विजुअल वेवफॉर्म दिखाई देगी, जिससे क्रिएटर्स म्यूजिक की बीट के हिसाब से वीडियो के कट और बदलाव कर पाएंगे। यूजर्स अपनी पसंद के कीबोर्ड शॉर्टकट भी सेट कर सकते हैं. चाहें तो दूसरे लोकप्रिय वीडियो एडिटिंग ऐप्स में इस्तेमाल होने वाले शॉर्टकट भी इंपोर्ट किए जा सकते हैं.
कलर ग्रेडिंग के लिए इसमें कलर व्हील्स, लॉग कन्वर्जन, टोन कर्व्स और अपनी LUTs इंपोर्ट करने का ऑप्शन भी मिलेगा. इससे वीडियो के कलर और लुक को अपनी पसंद के मुताबिक बदला जा सकेगा.
अपनी पसंद का फॉन्ट और ऑडियो भी कर सकेंगे इस्तेमाल
Mac पर Edits इस्तेमाल करने वाले क्रिएटर्स को Instagram की लाइसेंस वाली और रॉयल्टी-फ्री ऑडियो लाइब्रेरी का एक्सेस भी मिलेगा. वे अपने कस्टम फॉन्ट और ऑडियो भी इंपोर्ट कर सकते हैं. ऐप में कई भाषाओं में ऑटोमैटिक कैप्शन बनाने की सुविधा है और कंपनी ने इस पर किसी तय लिमिट का जिक्र नहीं किया है.
मोबाइल ऐप में पहले से सेव किए गए वीडियो, दूसरे एसेट्स और टेक्स्ट स्टाइल भी Mac वर्जन के साथ सिंक हो जाएंगे. यानी यूजर्स को अपने पुराने क्रिएटिव रिसोर्स दोबारा तैयार करने की जरूरत नहीं होगी.
इस ऐप में Model Context Protocol (MCP) के जरिए AI एजेंट्स को जोड़ने का ऑप्शन भी दिया गया है. इनकी मदद से वीडियो एडिटिंग से जुड़े कुछ काम आसान बनाए जा सकते हैं.
सीधे Instagram पर कर सकेंगे वीडियो पोस्ट
Instagram ने वीडियो पब्लिश करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है. यूजर्स एडिटिंग पूरी करने के बाद ऐप से ही सीधे वीडियो पोस्ट कर सकते हैं. इसके साथ अकाउंट टैग और लोकेशन टैग जैसी जानकारी भी जोड़ सकते हैं. Edits में Trial Reels पब्लिश करने का सपोर्ट भी दिया गया है. जो क्रिएटर्स एक ही वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर करते हैं, उनके लिए इसमें वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल दोनों तरह के वीडियो फॉर्मेट का ऑप्शन है. वीडियो को बिना वॉटरमार्क के 4K तक की क्वालिटी में एक्सपोर्ट किया जा सकता है.
फ्री है Edits ऐप, लेकिन Mac यूजर्स के लिए एक शर्त
Edits का डेस्कटॉप वर्जन Edits की वेबसाइट से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है. फिलहाल यह सिर्फ macOS के लिए उपलब्ध है. इसे चलाने के लिए Mac में Apple silicon प्रोसेसर होना जरूरी है.कंपनी ने M1 चिप और इसके बाद के प्रोसेसर वाले Mac का सपोर्ट दिया है. फिलहाल Windows यूजर्स के लिए इसका कोई वर्जन लॉन्च नहीं किया गया है. इसके अलावा, प्रोजेक्ट सिंक करने और सीधे Instagram पर वीडियो पोस्ट करने के लिए यूजर्स को अपने Instagram अकाउंट से साइन इन करना होगा.
यह भी पढ़ें- AC, TV और फ्रिज की वारंटी बढ़वाने से पहले रुकें! कहीं छोटी-सी शर्त के नाम पर आपसे तो नहीं वसूले जा रहे ज्यादा पैसे?
डेटा लीक का डर होगा खत्म! भारत ने लॉन्च किए 3 नए AI मॉडल, बिना इंटरनेट भी करेंगे काम




