छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल के 417 पदों पर भर्ती, 5वीं-10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन

छत्तीसगढ़ पुलिस ने बस्तर फाइटर्स के तहत कांस्टेबल के 417 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. खास बात यह है कि अलग-अलग वर्गों के लिए एकेडमिक क्वालिफिकेशन भी अलग रखी गई है. जनरल, ओबीसी और एससी वर्ग के कैंडिडेट्स का 10वीं पास होना जरूरी है, जबकि एसटी कैटेगरी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के कुछ अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी अप्लाई कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया ऑफलाइन है और फॉर्म जमा करने की लास्ट डेट 12 दिसंबर 2026 है.
भर्ती का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को पुलिस विभाग में रोजगार का अवसर देना और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है. इच्छुक उम्मीदवार 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन ऑफलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में केवल संबंधित जिले के स्थानीय निवासी ही आवेदन कर सकते हैं. एजुकेशनल क्वालिफिकेशन की बात करें तो जनरल, ओबीसी और एससी कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए छत्तीसगढ़ या मध्य प्रदेश के मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. वहीं, एसटी वर्ग और नक्सल प्रभावित या राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम योग्यता 5वीं पास रखी गई है.
एज लिमिट कितनी है?
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के आधार पर तय होगी. उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल और अधिकतम 28 साल होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों, स्थानीय महिलाओं और पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी.
सेलेक्शन प्रोसेस क्या है?
भर्ती में सबसे पहले दस्तावेजों की जांच और शारीरिक माप परीक्षण (PST) होगा. सामान्य, एससी और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई कम से कम 163 सेमी और महिलाओं की 153 सेमी होनी चाहिए. एसटी वर्ग के पुरुषों के लिए 150 सेमी और महिलाओं के लिए 148 सेमी लंबाई जरूरी है. पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का 5 सेमी फूलना भी अनिवार्य है. इसके बाद 100 नंबरों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) होगी. इसमें सफल उम्मीदवार 50 अंकों की लिखित परीक्षा देंगे. परीक्षा में जनरल नॉलेज, रीजनिंग और स्थानीय भूगोल व सामाजिक संरचना से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. इसके अलावा 20 नंबरों का इंटरव्यू होगा. खेलकूद, एनसीसी ‘C’ प्रमाणपत्र और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 30 बोनस अंक भी दिए जा सकते हैं.
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार जिला पुलिस कार्यालय या आधिकारिक पोर्टल से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. फॉर्म में मांगी गई व्यक्तिगत और एजुकेशनल जानकारी भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्ट कॉपी लगानी होंगी. इनमें एकेडमिक मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं. भरा हुआ फॉर्म संबंधित पुलिस कार्यालय में जाकर जमा किया जा सकता है. इसके अलावा रजिस्टर्ड डाक से भी आवेदन भेजने की सुविधा है. ध्यान रखें कि आवेदन 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक संबंधित कार्यालय पहुंच जाना चाहिए.




