मनोरंजन

James Bond Explainer: क्या है ‘007’ का असली कोड, कैसे अमेजन के हाथ लगी कमान? शॉन कॉनरी से रॉबर्ट पैटिनसन तक, जानें बॉन्ड की पूरी कहानी

James Bond Explainer: हॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित जासूसी फ्रेंचाइजी ‘जेम्स बॉन्ड’ एक बार फिर दुनियाभर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है. डेनियल क्रेग की विदाई के बाद ब्रिटिश एक्टर रॉबर्ट पैटिनसन को आधिकारिक तौर पर अगला एजेंट 007 घोषित कर दिया गया है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ‘जेम्स बॉन्ड’ की शुरुआत कैसे हुई, ‘007’ नंबर के पीछे कौन-सा गुप्त कोड छिपा है और दशकों तक एक ही परिवार के हाथ में रहने वाली यह फ्रेंचाइजी अब अमेजन के पास कैसे पहुंच गई? आइए, जान लेते हैं दुनिया के सबसे मशहूर सीक्रेट एजेंट की पूरी कहानी.

जेम्स बॉन्ड ब्रिटिश खुफिया एजेंसी MI6 का एक काल्पनिक जासूस है, जिसे 1953 में ब्रिटिश पत्रकार और लेखक इयान फ्लेमिंग ने रचा था. द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान फ्लेमिंग खुद ब्रिटिश नौसेना के इंटेलिजेंस में काम कर चुके थे. साल 1952 की शुरुआत में उन्होंने जमैका स्थित अपने घर ‘गोल्डनआई’ में पहला उपन्यास ‘कैसीनो रॉयल’ लिखा, जो अप्रैल 1953 में छपा. फ्लेमिंग ने इस किरदार में अपने भाई पीटर फ्लेमिंग, डस्को पोपोव और विल्फ्रेड डंडरडेल जैसे असली जासूसों और कमांडो की खूबियां पिरोईं. मजेदार बात ये है कि उन्हें अपने हीरो के लिए एक बेहद सीधा-सादा नाम चाहिए था, जो उन्हें एक अमेरिकी पक्षी विज्ञानी की किताब के कवर पर मिल गया ‘जेम्स बॉन्ड’. उन्होंने बॉन्ड पर कुल 12 उपन्यास और दो कहानी संग्रह लिखे.

क्या है ‘007’ नंबर का असली रहस्य?

जेम्स बॉन्ड की पहचान सिर्फ उसका नाम नहीं, बल्कि ‘007’ कोड भी है. फ्लेमिंग की कहानियों के मुताबिक, MI6 में ’00’ (डबल-ओ) श्रेणी उन चुनिंदा एजेंटों को दी जाती है, जिनके पास ड्यूटी के दौरान ‘मारने का लाइसेंस’ (Licence to Kill) होता है. वहीं, इसके आगे लगा ‘7’ यह बताता है कि बॉन्ड इस खास यूनिट का खास एजेंट है. फ्लेमिंग ने ये नंबर महारानी एलिजाबेथ प्रथम के जासूस जॉन डी (जो अपने गुप्त संदेशों पर 007 लिखते थे) और प्रथम विश्व युद्ध के एक जर्मन कोड (0075) से प्रेरित होकर चुना था.

जब बॉडीबिल्डर को बनाया गया ‘जेंटलमैन जासूस’

वैसे तो 1954 में ‘कैसीनो रॉयल’ पर एक अमेरिकी टीवी शो जरूर बना था, लेकिन बड़े पर्दे पर बॉन्ड का सफर अक्टूबर 1962 में रिलीज हुई फिल्म ‘डॉ. नो’ से शुरू हुआ. निर्माता अल्बर्ट आर. ‘कबी’ ब्रोकोली और हैरी साल्ट्जमैन ने स्कॉटिश एक्टर शॉन कॉनरी को पहला बॉन्ड चुना. शुरुआत में लेखक इयान फ्लेमिंग पूर्व बॉडीबिल्डर रहे कॉनरी को इस रोल के लिए थोड़ा सख्त और कम शहरी मानते थे. लेकिन निर्देशक टेरेंस यंग ने उन्हें महंगे सूट पहनने से लेकर चलने-फिरने और बात करने तक की शाही ट्रेनिंग देकर असली ‘जेम्स बॉन्ड’ में ढाल दिया.

James Bond

जेम्स बॉन्ड

कैसे बना ग्लोबल ब्रांड और क्या रहे कास्टिंग के नियम?

शीत युद्ध का रोमांच, विदेशी लोकेशंस, हाई-टेक गैजेट्स, एस्टन मार्टिन कारें और आइकॉनिक थीम म्यूजिक ने जेम्स बॉन्ड को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. अब तक शॉन कॉनरी, जॉर्ज लेजनबी, रोजर मूर, टिमोथी डाल्टन, पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग मिलाकर कुल 6 एक्टर बड़े पर्दे पर आधिकारिक बॉन्ड बन चुके हैं, और रॉबर्ट पैटिनसन इस कड़ी के 7वें 007 होंगे. आमतौर पर जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाने वाला एक्टर
ब्रिटिश या कॉमनवेल्थ देशों से होता है, उसकी उम्र 30 से 40 साल के बीच होती है और वो एक्शन एक्सपर्ट के साथ-साथ दिखने में हैंडसम दिखता है.

ब्रोकोली परिवार से अमेजन तक

1961 से इस फ्रेंचाइजी की कमान ‘इऑन प्रोडक्शंस’ यानी ब्रोकोली परिवार के पास थी. अल्बर्ट ब्रोकोली के बाद उनकी बेटी बारबरा ब्रोकोली और सौतेले बेटे माइकल जी. विल्सन इसे संभाल रहे थे. साल 2022 में अमेजन ने 8.5 बिलियन डॉलर में MGM स्टूडियोज को खरीदा, जिससे उसे बॉन्ड फिल्मों में 50 फीसदी हिस्सेदारी तो मिली, लेकिन कहानी और कास्टिंग का कंट्रोल ब्रोकोली परिवार के पास ही रहा. इसके बाद फरवरी 2025 में एक ऐतिहासिक जॉइंट-वेंचर डील (रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 1 बिलियन डॉलर) के तहत बारबरा ब्रोकोली और माइकल विल्सन ने क्रिएटिव कंट्रोल भी ‘अमेजन एमजीएम स्टूडियोज’ को सौंप दिया.

View this post on Instagram

A post shared by Robert Pattinson Fan Page (@robertpattinsqqn)

फ्रेंचाइजी ने पैटिनसन को क्यों चुना?

पुराने मेकर्स जानबूझकर कम चर्चित चेहरों को चुनते थे ताकि दर्शक एक्टर की पुरानी इमेज के बजाय उसे सिर्फ ‘बॉन्ड’ के रूप में देखें. लेकिन अमेजन एमजीएम के नए दौर में वैश्विक बॉक्स ऑफिस और नई पीढ़ी (Gen-Z और मिलेनियल्स) को जोड़ना सबसे बड़ी प्राथमिकता है. ‘द बैटमैन’ और ‘टेनेट’ जैसी फिल्मों से अपनी दमदार अदाकारी साबित कर चुके रॉबर्ट पैटिनसन जैसा बड़ा नाम फ्रेंचाइजी को तुरंत ग्लोबल स्तर पर नई एनर्जी और भारी-भरकम दर्शक वर्ग देता है.

Related Articles

Back to top button