वर्क फ्रॉम कैफे बना मालिकों के लिए सिरदर्द, ग्राहकों की इस आदत से घट रहा बिजनेस

आजकल वर्क फ्रॉम होम के साथ-साथ वर्क फ्रॉम कैफे का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है. घर के माहौल से बाहर निकलकर कॉफी की चुस्कियों के साथ लैपटॉप पर काम करना कई लोगों को पसंद आता है. किसी को कैफे का शांत माहौल अच्छा लगता है, तो किसी को वहां बैठकर काम करने में ज्यादा मजा आता है. लेकिन लोगों की यही आदत अब कैफे मालिकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. खासकर उन ग्राहकों से दिक्कत हो रही है, जो सिर्फ एक कप कॉफी खरीदते हैं और फिर कई घंटों तक एक ही टेबल पर बैठे रहते हैं.
ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके से सामने आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विक्रमादित्य शुक्ला नाम के एक व्यक्ति ने अपने स्कूल के दोस्त के कैफे का एक्सपीरियंस शेयर किया. उनके दोस्त ने हाल ही में इंदिरानगर में नया कैफे शुरू किया है. इस बिजनेस को खड़ा करने में उन्होंने करीब 60 से 70 लाख रुपये तक का निवेश किया है, लेकिन कैफे खुलने के कुछ समय बाद ही उन्हें एक ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसका समाधान निकालना आसान नहीं है.
नए ग्राहक आते हैं और बिना कुछ खरीदे लौट जाते हैं
विक्रमादित्य के मुताबिक, उनके दोस्त के कैफे में कुछ ग्राहक सिर्फ 150 रुपये की एक कॉफी ऑर्डर करते हैं. इसके बाद लैपटॉप निकालकर घंटों काम करते रहते हैं. कई बार तो ये लोग सुबह से लेकर शाम तक एक ही टेबल पर जमे रहते हैं. ऐसे में कैफे की सीटें लंबे समय तक खाली नहीं होतीं, जबकि ग्राहकों का खर्च सिर्फ एक कप कॉफी तक ही सीमित रहता है.
कैफे मालिक की असली परेशानी तब शुरू होती है, जब दूसरे ग्राहक वहां पहुंचते हैं. उन्हें कैफे भरा हुआ दिखाई देता है और बैठने के लिए जगह नहीं मिलती. ऐसे में कई लोग बिना कुछ ऑर्डर किए ही वापस चले जाते हैं. इसका सीधा असर कैफे की कमाई पर पड़ता है.
विक्रमादित्य ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनके दोस्त के लिए ऐसे ग्राहकों को सीधे उठकर जाने के लिए कहना भी आसान नहीं है. आजकल लोग ऑनलाइन रिव्यू को काफी गंभीरता से लेते हैं. अगर किसी ग्राहक को बुरा लग गया और उसने गूगल पर खराब रेटिंग या नेगेटिव रिव्यू दे दिया, तो नए कैफे की छवि खराब हो सकती है. इसी डर से मालिक चाहकर भी कोई सख्त नियम लागू नहीं कर पा रहा है.
इस एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए विक्रमादित्य ने यह भी कहा कि अब उन्हें समझ आ रहा है कि स्टारबक्स, कैफे कॉफी डे (CCD) और थर्ड वेव कॉफी जैसी जगहों पर कॉफी और स्नैक्स इतने महंगे क्यों मिलते हैं. उनका मानना है कि ग्राहक सिर्फ कॉफी या खाने-पीने की चीजों के पैसे नहीं देते, बल्कि वहां बैठने की जगह का खर्च भी उसी कीमत में शामिल होता है. यानी एक तरह से ग्राहक अपनी कुर्सी और टेबल इस्तेमाल करने के लिए भी पैसे चुका रहा होता है.
यह भी पढ़ें: न ऑफिस, न टारगेट का तनाव बस सोकर कमाए 9.6 लाख रुपये, मुंबई की महिला ने जीती बाजी
विक्रमादित्य की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपने-अपने तरीके से इस समस्या का समाधान सुझाना शुरू कर दिया. कुछ लोगों का मानना था कि कैफे में बैठने का समय तय होना चाहिए, जबकि कुछ ने हर घंटे के हिसाब से बिल लेने की सलाह दी. एक यूजर ने सुझाव दिया कि कैफे को नियम बना देना चाहिए कि हर एक घंटे में ग्राहक को कम से कम एक कॉफी या दूसरी चीज ऑर्डर करनी होगी. इससे ग्राहक भी अपनी सुविधा के हिसाब से बैठ सकेंगे और कैफे का कारोबार भी प्रभावित नहीं होगा.
यहां देखिए पोस्ट
My school friend opened a brand new cafe in Indiranagar, Bangalore, investing roughly 60-70 lakhs.
However, his biggest problem right now is that a couple of customers order a single Rs. 150 cup of coffee, open a laptop, and sit there for hours (sometimes even for the whole day).
Meanwhile, new customers walk in, see the cafe is full, and walk straight out.
Obviously, he cant ask the customers to leave as one negative Google review can hamper the reputation of the place.
Now I get why cafes like Starbucks, CCD, and third wave coffee have such atrocious prices for coffee and snacks. As a customer youre paying for renting the chair as well along with ordering the coffee.
If youre running a cafe, do share what you do for this problem.
— Vikramaditya Shukla (@exhibitionsguy) November 3, 2026




