न शराब, न नॉन-वेज…450 करोड़ कमाने वाली ‘हनुमान अंश’ की सक्सेस बैश में मिलेगा सिर्फ सात्विक भोजन, मुंबई में होगी बड़ी पार्टी

Hanuman Ansh Success Party: 3 करोड़ रुपये से भी कम में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 453 करोड़ रुपये (ग्रॉस) से ज्यादा की छप्परफाड़ कमाई की. शुरुआत में जिस फिल्म को दर्शकों के लिए तरसना पड़ा था, बाद में उसी फिल्म के लिए थिएटर में सीटों की कमी पड़ गई थी. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के इतिहास में ऐसा कारनामा किया, जिसे देख और सुन हर कोई हैरत में था. अब इतनी बड़ी कामयाबी जब फिल्म ने हासिल की है तो एक बड़ी पार्टी तो बनती ही है. मेकर्स ने तय किया है कि वो इस वीकेंड पर मुंबई में एक ग्रैंड पार्टी का आयोजन करेंगे. पर ये आम फिल्मी सक्सेस बैश की तरह नहीं होगी, बल्कि इस पार्टी में भी आस्था का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
‘हनुमान अंश‘ की सक्सेस पार्टी को लेकर बॉलीवुड हंगामा ने एक सोर्स के हवाले से बताया है, “हनुमान अंश की सक्सेस पार्टी इस वीकेंड पर मुंबई में होगी. प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी और पूरी स्टारकास्ट वहां मौजूद रहेगी. फिल्म को डिस्ट्रिब्यूट करने वाले सिनेपोलिस के इंडिया रिप्रेजेंटेटिव भी पार्टी में आएंगे. और आए भी क्यों न, इन्होंने फिल्म को प्रोपर थिएट्रिकल रिलीज देकर इसकी कामयाबी में अहम रोल निभाया है.”
आम बॉलीवुड पार्टियों की तरह नहीं होगा ये जश्न
सोर्स ने आगे बताया, “हालांकि ये आम बॉलीवुड पार्टियों की तरह नहीं होगी. इसमें शराब या नॉन-वेजेटेरियन खाना भी नहीं परोसा जाएगा. बल्कि इसकी जगह पर सिर्फ प्योर वेजेटेरियन और सात्विक भोजन ही परोसा जाएगा, जो टीम की मान्यताओं और ‘हनुमान अंश’ की आध्यात्मिक थीम के हिसाब से होगा. मेकर्स चाहते हैं कि सेलेब्रेशन फिल्म के सेंटिमेंट और वैल्यूज के अनुरुप हो.”
नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी है फिल्म
‘हनुमान अंश’ नीब करोरी बाबा, जिनें नीम करौली बाबा भी कहा जाता है, उनके जीवन की कहानी कहती है. फिल्म में नीम करौली बाबा का किरदार शोभिनव सत्या ने निभाया है. फिल्म में चंदन के आनंद, अनिल रस्तोगी, भगवानदास पटेल, निखिल दुबे, पुर्णिमा तिवारी जैसे कई कलाकारों ने काम किया है.
हनुमान अंश की कमाई और असली बजट
‘हनुमान अंश’ ने 96 दिनों में दुनियाभर में 453.28 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म ने भारत में 342.81 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. वहीं ओवरसीज में फिल्म 48.80 करोड़ की कमाई की. हाल ही में इकोनॉमिक्स टाइम्स से बात करते हुए फिल्म की प्रोड्यूसर्स में से एक नमृता सिंह ने बताया कि फिल्म को कुल 1.7 करोड़ रुपये के बजट में तैयार किया गया. हल्दीराम ने 1.25 प्रिंट्स और एडवर्टाइजिंग (P&A) के लिए 1.25 करोड़ रुपये दिए थे. P&A के बजट से मेकर्स ने 65-70 लाख रुपये मार्केटिंग पर खर्च किए, बची हुई रकम को रिलीज़ करने पर खर्च किया गया. उन्होंने बताया कि वो चाहते थे कि फिल्म किसी तरह थिएटर में तीन हफ्ते चल जाए, जिसका खर्च अलग से 40 लाख रुपये था. कुल खर्च, जिसमें प्रोडक्शन और P&A भी शामिल है, वो 2.95 करोड़ रुपये या करीब 3 करोड़ रुपये हुआ था.




