शिक्षा

‘न जाति देखेंगे न बैकग्राउंड, होगी सख्त कार्रवाई’ रैगिंग मामले में KGMU प्रशासन का बयान, 38 छात्र हुए हैं सस्पेंड

लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है. एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच में दोषी मिले 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा, सभी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. इसके अलावा, विश्वविद्यालय अब इन स्टूडेंट्स की स्कॉलरशिप के लिए सिफारिश भी नहीं करेगा. KGMU प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संस्थान में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई होगी.

KGMU के प्रवक्ता केके सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय को कुछ समय पहले रैगिंग की शिकायत मिली थी. इसके बाद एंटी-रैगिंग कमेटी और चीफ प्रॉक्टर ने मामले की जांच की. जांच में कुल 38 स्टूडेंट्स को दोषी पाया गया. दोषी पाए गए छात्रों में MBBS 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो विद्यार्थी शामिल हैं. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है, इस दौरान छात्र न तो कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे और न ही विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रह पाएंगे.

स्कॉलरशिप के लिए नहीं की जाएगी सिफारिश

दोषी छात्रों की स्कॉलरशिप पर भी प्रशासन ने रोक लगाने का फैसला किया है. केके सिंह के मुताबिक, अगर इनमें से किसी स्टूडेंट को स्कॉलरशिप मिल रही है या वह इसके दायरे में आता है तो विश्वविद्यालय उसकी स्कॉलरशिप के लिए सिफारिश नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि KGMU एक प्रमुख चिकित्सा संस्थान है. यहां पढ़ने वाले छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अनुशासन और आदर्श व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. संस्थान में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता के लिए जगह नहीं है.

जाति, धर्म और पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं बनेगी आधार

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता के मामलों में कार्रवाई करते समय किसी स्टूडेंट की जाति, धर्म, परिवार या सामाजिक पृष्ठभूमि नहीं देखी जाएगी. शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ समान रूप से सख्त कदम उठाए जाएंगे.

वायरल वीडियो से सामने आया था मामला

KGMU में रैगिंग का मामला 16 नवंबर को एक वीडियो सामने आने के बाद सुर्खियों में आया था. वायरल वीडियो में MBBS फर्स्ट ईयर के छात्र-छात्राएं लाइन में सिर झुकाकर खड़े नजर आ रहे थे. सीनियर छात्रों के वहां से गुजरने पर जूनियर छात्र ‘प्रणाम महोदय जी’ और छात्राएं ‘प्रणाम मैडम जी’ बोल रही थीं.

Related Articles

Back to top button