सलमान खान से पुरानी अनबन के बीच विवेक ओबेरॉय ने की ‘मातृभूमि’ की तारीफ, बोले- फिल्म को सपोर्ट करना चाहिए

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कई बार रिलीज टलने के बाद अब 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म को लेकर दर्शक को पहले से ही एक्साइटेड हैं और फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इस बीच विवेक ओबेरॉय ने मातृभूमि को लेकर बात की है और अपनी रखी है. जी हां, उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारतीय सेना के सम्मान में बनने वाली फिल्मों को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए.
एक इवेंट में पहुंचे विवेक ओबेरॉय से जब सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि अगर कोई फिल्म हमारी भारतीय सेना के शौर्य, बहादुरी, साहस और वीरता पर बनती है, तो हमें दर्शकों के तौर पर उसका समर्थन करना चाहिए. मेरी कामना है कि इस फिल्म को बहुत प्यार मिले. मेरे दोस्त अपूर्व लाखिया ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है. मैंने उनके साथ फिल्म ‘शूटआउट’ में भी काम किया था. मैं उन्हें भी ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं.”
विवेक ने ‘मातृभूमि’ की टीम को दी शुभकामनाएं
विवेक ने आगे कहा, “ईश्वर करे कि इस फिल्म को बहुत सफलता मिले और यह लोगों को प्रेरित करे. मैं हमेशा कहता हूं कि जो भी फिल्म हमारे दिलों में वर्दी पहनने वाले भाई-बहनों के लिए सम्मान पैदा करती है, उस फिल्म को ईश्वर सफलता दे.” बता दें कि विवेक ओबेरॉय की फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ भी जल्द रिलीज होने वाली है. ऐसे में उनकी फिल्म और सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की रिलीज के बीच कुछ ही दिनों का अंतर है. इसके बावजूद विवेक ने सलमान की फिल्म को लेकर अपनी अच्छी प्रतिक्रिया दी है.
View this post on Instagram
सलमान और विवेक का विवाद
सलमान खान और विवेक ओबेरॉय के बीच विवाद की शुरुआत साल 2003 में हुई थी. उस समय सलमान खान और ऐश्वर्या राय का रिश्ता टूट चुका था और ऐश्वर्या की नजदीकियां विवेक ओबेरॉय से बढ़ रही थीं. इसी दौरान सलमान और विवेक के बीच अनबन की खबरें सामने आई थीं. यहां तक दावा किया गया कि सलमान की वजह से विवेक का पूरा करियर खराब हो गया था.




