शिक्षा

IIT मद्रास में पढ़ाई के दौरान मिलेगा वर्क एक्सपीरियंस, 2027 से शुरू होगी 6 महीने की इंटर्नशिप

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास ने बीटेक छात्रों के लिए छह महीने की इंटर्नशिप योजना शुरू करने की घोषणा की है. इस प्रोग्राम के तहत छात्रों को छठे सेमेस्टर में कंपनियों के साथ काम करने और वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर एक्सपीरियंस हासिल करने का मौका मिलेगा. इंटर्नशिप का पहला बैच जनवरी 2027 से शुरू होगा. यह सुविधा 2024 बैच और इसके बाद के छात्रों के लिए उपलब्ध होगी. संस्थान का उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री की जरूरतों, काम करने के तरीकों और व्यावहारिक चुनौतियों से परिचित कराना है. इसके लिए IIT मद्रास देश और विदेश की कंपनियों के साथ साझेदारी भी कर रहा है.

IIT मद्रास ने अपने रिवाइज्ड अंडरग्रेजुएट करिकुलम के तहत बीटेक छात्रों के लिए छह महीने की इंटर्नशिप शुरू की है. यह प्रोग्राम छठे सेमेस्टर में आयोजित किया जाएगा. जनवरी 2027 से इसका पहला बैच शुरू होगा. 2024 बैच और इसके बाद के स्टूडेंट इस योजना का लाभ उठा सकेंगे. इस प्रोग्राम को संस्थान का करियर पाथवे सेंटर (CPC) संचालित करेगा. यह सेंटर छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट, इंटर्नशिप, स्किल डेवलपमेंट, एंटरप्रेन्योरशिप और हायर एजुकेशन से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने का काम करता है.

देश-विदेश की कंपनियों में मिलेंगे मौके

संस्थान भारत और विदेश की कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर तलाश रहा है. इसके अलावा छात्रों की सुविधा के लिए रिमोट इंटर्नशिप का विकल्प भी दिया जा रहा है. अमेजन इंडिया अक्टूबर 2026 से IIT मद्रास के स्टूडेंट्स को ऑनलाइन इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध करा रहा है. IIT मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी के मुताबिक, नई तकनीकों के विकास और अलग-अलग विषयों के आपस में जुड़ने से छात्रों के लिए इंडस्ट्री में काम करने का एक्सपीरियंस जरूरी हो गया है. छह महीने की अवधि में स्टूडेंट कंपनियों की कार्यप्रणाली समझने के साथ वास्तविक समस्याओं पर काम करना सीख सकेंगे.

कंपनियों को मिलेगा छात्रों को परखने का अधिक समय

पहले बीटेक के थर्ड ईयर के बाद छात्रों को सामान्य तौर पर दो महीने की समर इंटर्नशिप मिलती थी. अब छह महीने की इंटर्नशिप से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई में सीखी गई चीजों को वास्तविक प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल करने का अधिक समय मिलेगा. इससे कंपनियों को भी छात्रों की कार्यक्षमता और स्किल को लंबे समय तक परखने का अवसर मिलेगा. इसके आधार पर विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं.

KRAFTON के साथ शुरू की KIGI अकादमी

IIT मद्रास ने इंटर्नशिप के अलावा छात्रों को इंडस्ट्री से जुड़ा प्रशिक्षण देने के लिए दक्षिण कोरियाई गेमिंग कंपनी KRAFTON की भारतीय शाखा के साथ साझेदारी की है. इसके तहत KIGI अकादमी शुरू की गई है. IIT मद्रास भारत में इस अकादमी का पहला शैक्षणिक भागीदार है. इस प्रोग्राम में इंजीनियरिंग के छात्रों को पूरी तरह फंडिड छह महीने की ट्रेनिंग मिलेगी. इसमें चार महीने IIT मद्रास में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और दो महीने बेंगलुरु स्थित KRAFTON इंडिया के मुख्यालय में पेड इंडस्ट्री एक्सपीरियंस दिया जाएगा. छात्रों को कोडिंग, गेम डिजाइन, UI/UX, आर्ट और प्रोडक्ट डेवलपमेंट की ट्रेनिंग प्रोजेक्ट के माध्यम से मिलेगी. अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कंपनी में फुलटाइम नौकरी के लिए भी विचार किया जा सकता है.

Related Articles

Back to top button