शर्त ऐसी कि भूखे पेट द्वारका पहुंच गया बैंककर्मी, वायरल VIDEO ने खींचा सबका ध्यान

दोस्तों के बीच हंसी-मजाक में अक्सर छोटी-मोटी शर्तें लग जाती हैं, लेकिन मुंबई के एक बैंक कर्मचारी ने शर्त जीतने के लिए जो किया, उसने सबको हैरान कर दिया. सोशल मीडिया पर इन दिनों उत्सव कुमार झा नाम के एक शख्स की कहानी खूब सुर्खियां बटोर रही है. उन्होंने अपने दोस्त से शर्त जीतने के लिए बिना कुछ खाए-पिए ही चार धाम यात्रा पूरी कर डाली.
क्या थी पूरी शर्त?
मुंबई में एसबीआई (SBI) बैंक में काम करने वाले उत्सव और उनके दोस्त इतेश कुमार राय के बीच चार धाम यात्रा को लेकर एक दोस्ताना मुकाबला चल रहा था. दोनों दोस्त चार में से तीन तीर्थ स्थल पहले ही घूम चुके थे.
अब इतेश को सिर्फ रामेश्वरम जाना था और उत्सव को द्वारका जाना बाकी था. बात तब गंभीर हुई जब उत्सव को पता चला कि उनके दोस्त इतेश 4 नवंबर को रामेश्वरम जाने वाले हैं. उत्सव को लगा कि अगर उन्होंने जल्दी नहीं की, तो वे यह शर्त हार जाएंगे. फिर क्या था, उन्होंने तुरंत निकलने का फैसला किया.
बिना अन्न-जल के तय किया सफर
चैलेंज जीतने के लिए उत्सव के पास सिर्फ दो दिन बचे थे. ऑफिस से घर लौटते ही उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपना बैग पैक किया और तुरंत तत्काल ट्रेन टिकट बुक करके द्वारका के लिए निकल पड़े. इस पूरी यात्रा की सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा करने तक उत्सव ने एक बूंद पानी या अन्न का दाना भी ग्रहण नहीं किया था. वे पूरी यात्रा के दौरान भूखे-प्यासे ही सफर तय करते रहे.
वीडियो बनाकर दोस्त को दी मात
मंदिर पहुंचकर उत्सव ने अपनी जीत का ऐलान करते हुए एक वीडियो बनाया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में उन्होंने अपने दोस्त इतेश से मजेदार अंदाज में कहा, सॉरी, इतेश भाई. तुम्हें क्या लगा था कि तुम मुझसे पहले चार धाम यात्रा पूरी कर लोगे? मेरे पीछे देखो, यह द्वारका मंदिर है. इसका मतलब है कि मैंने तुमसे पहले चार धाम की यात्रा पूरी कर ली है. अब मैं फाइनली कुछ खाने जा रहा हूं, क्योंकि मैंने सुबह से कुछ नहीं खाया है.
सोशल मीडिया पर छाई कहानी
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 40 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. लोगों को उत्सव का यह आखिरी वक्त का धमाकेदार प्लान और उनका अंदाज बहुत पसंद आ रहा है. यूजर्स इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं और दोनों दोस्तों के बीच इस स्वस्थ और मजेदार मुकाबले की तारीफ कर रहे हैं.
यहां देखिए वायरल वीडियो
View this post on Instagram
UTSAV JHA



