अजब-गजब

‘चार लोग क्या कहेंगे?’ पूछने वाले मां-बाप को 65 साल की ‘Gen Z दादी’ ने दिया करारा जवाब; VIDEO वायरल

क्या आपके माता-पिता भी अक्सर कहते हैं…समाज क्या कहेगा या चार लोग क्या कहेंगे? अगर हां, तो 65 साल की सविंदर हुड्डा का यह वीडियो जरूर देखना चाहिए. लोग उन्हें प्यार से ताई सावित्री या ‘Gen Z’ दादी कहते हैं और उनका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.हरियाणवी अंदाज में खुलकर बात करने वाली ताई सावित्री ने अपने नए वीडियो में उन माता-पिता को खरी-खोटी सुनाई है जो समाज के डर से अपने बच्चों के सपनों को रोक देते हैं. उनका ये वीडियो तेजी से फैल रहा है और लोग खूब पसंद कर रहे हैं.

ताई सावित्री ने दो टूक कहा- बुढ़ापे में समाज से ही सेवा करवा लेना

वायरल वीडियो में ताई सावित्री ने उन माता-पिता को सीधे चेतावनी दी है जो बच्चों की खुशी से ज्यादा समाज की सोचते हैं. उन्होंने कहा, अगर आपको बच्चों से ज्यादा फिक्र है कि समाज क्या कहेगा, तो बुढ़ापे में सेवा भी इसी समाज से करवा लेना.

उन्होंने कहा कि जिस समाज को खुश करने के लिए मां-बाप बच्चों के सपनों को रोक देते हैं, वही समाज मुसीबत या बीमारी में साथ नहीं देता. ताई ने कहा, चार लोग सिर्फ ताना देने आते हैं, मदद करने नहीं आते. जिस समाज के सामने हम झुकते हैं, वह बीमारी में इलाज का खर्च उठाने नहीं आएगा.

ताई ने कहा, बीमारी में ये चार लोग इलाज नहीं करवाएंगे, लेकिन मौत पर सबसे पहले ताना मारने आ जाएंगे कि देखो बुढ़ापे में इसके बच्चे पास नहीं हैं. उन्होंने कहा, ये समाज न कभी किसी का सगा था और न होगा.

‘बच्चों का हौसला बनें, समाज का नहीं’

वीडियो के आखिर में ताई ने सभी माता-पिता से अपील की. उन्होंने कहा, समाज के डर से अपने बच्चों के पंख मत काटो. बच्चों को अच्छी शिक्षा दो और उनके साथ खड़े रहो. जब मां-बाप बच्चों का हौसला बनेंगे, तभी बच्चे बुढ़ापे में उनका सहारा बनेंगे.

इस वीडियो को लोग खूब शेयर कर रहे हैं. कोई उन्हें असली दुनिया देखने वाली दादी कह रहा है, तो कोई मजाक में कह रहा है, काश ये वीडियो हमारे मां-बाप के फोन पर भी चल जाता.

Gen Z दादी सविंदर हुड्डा कौन हैं?

65 साल की सविंदर हुड्डा अपने इंस्टाग्राम पेज @tai_savitri पर बेबाक हरियाणवी अंदाज के लिए जानी जाती हैं. वह पुरानी सोच और समाज की गलत परंपराओं के खिलाफ खुलकर बोलती हैं. महिलाओं को शेरनी की तरह जीने की सीख देने वाली ताई आज लाखों युवाओं की पसंदीदा रोल मॉडल बन चुकी हैं.

यहां देखिए वायरल वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Tai Savitri (@tai_savitri)

Related Articles

Back to top button