अजब-गजब

छठ की ऐसी दीवानगी! ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो ऑटो से ही 1200 KM के सफर पर निकल पड़ा बंदा

छठ का नाम सुनते ही हर उस बिहारी का दिल मचल उठता है जो घर से दूर परदेश में रहता है. महापर्व छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भावनाओं का ऐसा सैलाब है जिसके आगे ट्रेन की लंबी कतारें, वेटिंग लिस्ट और भीड़भाड़ भी फीकी पड़ जाती है. इस बार छठ पर घर जाने की दीवानगी का एक ऐसा ही अनोखा मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, जिसे देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. ट्रेन में टिकट कन्फर्म न होने पर एक शख्स अपने साथियों के साथ सीधे ऑटो-रिक्शा से ही 1200 किलोमीटर लंबे सफर पर निकल पड़ा है.

दिल को छू लेने वाला अनोखा सफर

इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो को ऋषव ठाकुर नाम के यूजर ने शेयर किया है. वीडियो में ऋषव बता रहे हैं कि उन्हें छठ पूजा पर अपने घर मधुबनी जाना था. लाख कोशिशों के बाद भी जब ट्रेन का एक भी टिकट कन्फर्म नहीं हुआ, तो उन्होंने हार मानने के बजाय एक गजब का जुगाड़ निकाला. उन्होंने किसी और साधन का इंतजार करने के बजाय अपना खुद का ऑटो उठाया और अपने दो साथियों के साथ बिहार की राह पकड़ ली.

ओवरलोड ऑटो और रास्ते के मजे

वीडियो में ऋषव अपने ऑटो के अंदर भरे हुए सामान और लगेज को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं. ऑटो पूरी तरह ओवरलोड है और उसमें तीन लोग सवार हैं, एक खुद ऋषव और दो उनके साथी भैया. सफर के दौरान वे रास्ते में पेट्रोल पंप पर रुकते हैं. वीडियो में वे यह भी बताते हैं कि उनके ऑटो की दोनों हेडलाइट खराब हो चुकी हैं, इसलिए उन्होंने आगे अलग से जुगाड़ वाली लाइट फिट कराई है ताकि रात के वक्त सफर करने में कोई परेशानी न हो. खाने के नाम पर घर से लाई हुई रोटियां और बीच-बीच में छोटे-छोटे ब्रेक उनके इस सफर को और भी ज्यादा रोमांचक बना रहे हैं.

कितने दिन में तय होगा 1200 किमी का फासला?

अगर गणित के हिसाब से आंका जाए तो ऑटो की रफ्तार आमतौर पर 40 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा नहीं होती. ऐसे में 1200 किलोमीटर का सफर तय करने में करीब 30 घंटे का लगातार ड्राइविंग समय लगेगा. लेकिन लगातार इतनी ड्राइविंग करना और बीच में शरीर की थकान, ट्रैफिक जाम, रिफ्यूलिंग और ऑटो को रेस्ट देना जैसी बातों को जोड़ लें, तो यह पूरा सफर लगभग 3 दिन से भी ज्यादा का हो सकता है.

सोशल मीडिया पर मिल रही हैं मजेदार प्रतिक्रियाएं

छठ मैया के प्रति इस अगाध श्रद्धा और दीवानगी को देख सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्यार बरसा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, जिया हो बिहार के लाला. तो दूसरे यूजर ने नसीहत देते हुए कहा, भाई सफर बहुत लंबा है, अपनी गाड़ी की हेडलाइट ठीक करवा लेना. अधिकांश यूजर्स ने उनकी इस दीवानगी की सराहना की है और छठ मैया से उनकी यात्रा सुरक्षित पूरी होने की कामना की है.

यहां देखिए वायरल वीडियो

View this post on Instagram

A post shared by Rishav Thakur (@rk26biker)

Related Articles

Back to top button