शिक्षा

National Education Day: IIT से UGC तक…जानें मौलाना अबुल कलाम आजाद ने कैसे मजबूत की देश की शिक्षा व्यवस्था

11 नवंबर को देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता है. आजादी के बाद भारत की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका अहम योगदान रहा. उन्होंने एजुकेशन को केवल स्कूलों और किताबों तक सीमित नहीं माना, बल्कि हायर एजुकेशन, टेक्निकल एजुकेशन, साइंटिफिक रिसर्च और भारतीय संस्कृति को भी इसका जरूरी हिस्सा बताया.

उनके कार्यकाल में कई ऐसे संस्थानों के विकास और स्थापना को बढ़ावा मिला जो आज भी देश की शिक्षा और सांस्कृतिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

मौलाना आजाद के योगदान से जुड़े 6 प्रमुख संस्थान

मौलाना आजाद 1947 से 1958 तक देश के शिक्षा मंत्री रहे. इस दौरान उन्होंने ऐसा एजुकेशन सिस्टम बनाने पर जोर दिया, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें और देश वैज्ञानिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में आगे बढ़ सके.

आईआईटी खड़गपुर, देश का पहला आईआईटी

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर देश का पहला आईआईटी है. इसकी शुरुआत मई 1950 में पश्चिम बंगाल के हिजली स्थित पुराने नजरबंदी शिविर में हुई थी. 18 अगस्त 1951 को मौलाना आजाद ने इसका औपचारिक उद्घाटन किया था. इसका उद्देश्य देश में उच्चस्तरीय तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देना और इंजीनियरिंग व साइंस के क्षेत्र में एक्सपर्ट तैयार करना था. इसी संस्थान से आगे चलकर देश में आईआईटी की व्यवस्था का विस्तार हुआ.

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC)

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी देश में हायर एजुकेशन के मानकों को बनाए रखने और विश्वविद्यालयों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. मौलाना आजाद ने 28 दिसंबर 1953 को इसका औपचारिक उद्घाटन किया था. नवंबर 1956 में संसद के कानून के तहत इसे वैधानिक दर्जा मिला. यूजीसी का काम विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करना, शिक्षा की क्वालिटी बनाए रखना और उच्च शिक्षा के विकास के लिए सहयोग देना है.

संगीत नाटक अकादमी

भारतीय संगीत, नृत्य और नाटक की परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए 1953 में संगीत नाटक अकादमी की स्थापना हुई. इसका उद्देश्य देश की पारंपरिक प्रदर्शन कलाओं को संरक्षित करना और कलाकारों को प्रोत्साहित करना है. मौलाना आजाद चाहते थे कि शिक्षा के साथ भारतीय कला और संस्कृति को भी उचित महत्व मिले.

साहित्य अकादमी

भारतीय भाषाओं और साहित्य को प्रोत्साहित करने के लिए साहित्य अकादमी की स्थापना का निर्णय 1952 में लिया गया था. इसका औपचारिक उद्घाटन 12 मार्च 1954 को हुआ. यह संस्था अलग-अलग भारतीय भाषाओं में लिखने वाले लेखकों को सम्मानित करती है. इसके अलावा साहित्यिक कार्यक्रमों, पुस्तकों के प्रकाशन और ट्रांसलेशन के माध्यम से भारतीय साहित्य को बढ़ावा देती है.

ललित कला अकादमी

ललित कला अकादमी की शुरुआत भारतीय दृश्य कलाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हुई थी. इसका उद्घाटन 5 अगस्त 1954 को मौलाना आजाद ने किया था. यह संस्था चित्रकला, मूर्तिकला और ग्राफिक्स जैसी कलाओं के संरक्षण और विकास के लिए काम करती है. इसके तहत प्रदर्शनियों और वर्कशॉप का आयोजन भी किया जाता है, जिससे कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE)

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद यानी एआईसीटीई की स्थापना 1945 में हुई थी. बाद में एआईसीटीई अधिनियम, 1987 के तहत इसे वैधानिक दर्जा दिया गया. यह परिषद इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी और अन्य टेक्निकल कोर्स की क्लालिटी और विकास से जुड़े काम करती है. हालांकि, इसकी स्थापना मौलाना आजाद के शिक्षा मंत्री बनने से पहले हुई थी, लेकिन टेक्निकल एजुकेशन को बढ़ावा देने का उनका दृष्टिकोण इसके उद्देश्यों से जुड़ा रहा.

मुफ्त शिक्षा की वकालत

मौलाना आजाद का मानना था कि शिक्षा पर हर बच्चे का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने 14 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा का समर्थन किया. इसके साथ ही उन्होंने महिला शिक्षा, वोकेशनल ट्रेनिंग और प्राथमिक स्तर पर मातृभाषा में पढ़ाई को भी बढ़ावा देने की वकालत की. उनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाना था. मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर 2008 से हर साल 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता है.

Related Articles

Back to top button