शिक्षा

NTA का एग्जाम सिस्टम होगा मजबूत, हर जिले में स्थायी केंद्र बनाने की तैयारी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) देशभर में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए नई योजना पर काम कर रही है. इसके तहत देश के हर जिले में कम से कम दो स्थाई परीक्षा केंद्र विकसित किए जाएंगे. इनमें एक मुख्य और दूसरा बैकअप सेंटर होगा. परीक्षा के दौरान किसी सेंटर पर टेक्निकल खराबी या अन्य समस्या आने पर बैकअप सेंटर का इस्तेमाल किया जा सकेगा. इस पहल से कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के लिए निजी कंपनियों पर एनटीए की निर्भरता भी कम होगी. साथ ही छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को अपने जिले में ही परीक्षा देने का मौका मिल सकता है.

एनटीए की योजना के मुताबिक, देश के हर एक जिले में कम से कम दो परीक्षा केंद्र तैयार किए जाएंगे. इनमें से एक नियमित परीक्षा केंद्र के रूप में काम करेगा, जबकि दूसरा इमरजेंसी स्थिति के लिए सुरक्षित रखा जाएगा. किसी परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या या दूसरी परेशानी आने पर बैकअप सेंटर का उपयोग किया जाएगा. इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए एनटीए ने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से देशभर के सरकारी तकनीकी और हायर एजुकेशन संस्थानों की जानकारी मांगी थी. अब ऐसे संस्थानों से प्रस्ताव भी मांगे जा रहे हैं जहां पर एक शिफ्ट में कम से कम 250 अभ्यर्थियों की परीक्षा कराई जा सके.

सरकारी संस्थानों को मिलेगी प्राथमिकता

एनटीए की कोशिश है कि परीक्षा केंद्रों के लिए सबसे पहले सरकारी संस्थानों को चुना जाए. जिन जिलों में पर्याप्त कंप्यूटर और अन्य जरूरी सुविधाओं वाले संस्थान उपलब्ध नहीं होंगे, वहां एनटीए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर विचार करेगा. इसके लिए दूसरे विकल्प भी तलाशे जाएंगे. इससे पहले एनटीए ने 31 अगस्त को AICTE को लेटर लिखकर देशभर के सरकारी तकनीकी संस्थानों की जानकारी मांगी थी. इसके लिए 15 सितंबर तक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया था.

राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिश पर पहल

एनटीए ने स्थाई परीक्षा केंद्र बनाने की योजना परीक्षा सुधारों के लिए गठित डॉ. राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर शुरू की है. कमेटी ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 100 से ज्यादा सुझाव दिए थे. इनमें ऐसे केंद्र विकसित करने की बात कही गई थी जहां कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर का कंट्रोल एनटीए के पास हो. अभी तक कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के आयोजन के लिए एनटीए काफी हद तक निजी कंपनियों पर निर्भर रहा है. ये कंपनियां परीक्षा केंद्र से लेकर तकनीकी सुविधाओं तक की व्यवस्था करती हैं. स्थाई केंद्र बनने से इस निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी.

छोटे शहरों के छात्रों को मिलेगी राहत

फिलहाल कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के लिए बड़े शहरों में ही पर्याप्त केंद्र उपलब्ध हैं. ऐसे में छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों या बड़े शहरों तक जाना पड़ता है. हर जिले में स्थाई परीक्षा केंद्र बनने से लाखों छात्रों को अपने गृह जिले में ही परीक्षा देने की सुविधा मिल सकती है. इससे उनकी यात्रा का समय और खर्च दोनों कम होंगे. साथ ही परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी.

Related Articles

Back to top button