उत्तर प्रदेश

जेंसन हुआंग के जाने से Nvidia में नाराजगी, रोबोटिक्स इंजीनियर Darrell Dai ने दिया इस्तीफा, कही बड़ी बात

दुनिया की सबसे दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया में इन दिनों कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है. सबसे पहले CEO जेंसन हुआंग को लेकर विवाद और अचानक पद छोड़ने के बाद कंपनी की मार्केट वैल्यू पर बड़ा असर पड़ा है. अब जेंसन हुआंग के इस्तीफे का असर कर्मचारियों पर भी दिखाई देने लगा है. कंपनी में रोबोटिक्स इंजीनियर के रूप में काम करने वाले डैरेल दाई ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है. दाई का कहना है कि जेंसन हुआंग के जाने से ज्यादा तकलीफ इस बात से हुई कि कर्मचारियों की राय को महत्व नहीं दिया गया और उन्हें इस फैसले के बारे में ठीक से कुछ भी जानकारी नहीं दी गई.

डैरेल दाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी. उन्होंने इस पोस्ट में पूर्व CEO जेंसन हुआंग की जमकर तारीफ की, लेकिन कंपनी के फैसले लेने के तरीके पर सवाल भी उठाए. दाई के अनुसार, Nvidia में काम करने की सबसे अच्छी बात यह थी कि यहां इंजीनियरों को नए आइडिया को टेस्ट करने और अपने विचार रखने की पूरी आजादी थी. इसमें जेंसन हुआंग की भूमिका सबसे बड़ी थी.

उन्होंने कहा कि हुआंग ने उस समय CUDA में निवेश किया था, जब AI आज की तरह चर्चा में ही नहीं था. हुआंग की इसी दूरदर्शिता का फायदा Nvidia को AI इंडस्ट्री में मिला. दाई ने यह भी कहा कि हुआंग को रोबोटिक्स और फिजिकल AI में काफी दिलचस्पी थी. यही वह क्षेत्र था जिसमें दाई भी काम कर रहे थे.

कर्मचारियों की बात नहीं सुनी गई, इसलिए छोड़ी नौकरी

दाई ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि वह जेंसन हुआंग के जाने की परिस्थितियों और कंपनी की आगे की योजना को समझना चाहते थे. लेकिन उन्हें लगा कि इस फैसले में कर्मचारियों की राय को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया. दाई ने लिखा कि मुझे हमेशा लगा कि यहां इंजीनियरों के विचारों की अहमियत है. लेकिन इस फैसले पर मुझे अलग एहसास हुआ और मेरी बात सुनी नहीं गई. इस बात ने मुझे उम्मीद से ज्यादा दुख पहुंचाया.

लेकिन, दाई ने यह भी साफ किया है कि जेंसन हुआंग को लेकर उनका सम्मान किसी भी आरोप से उन्हें बचाने की वजह नहीं बन सकता. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है और जांच को अपना काम करने देना चाहिए.

1.6 लाख से ज्यादा लोगों ने की वापसी की मांग

एनवीडिया में जेंसन हुआंग के समर्थन में सिर्फ कंपनी के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि टेक जगत के कई बड़े नाम भी सामने आए हैं. CNBC की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें वापस लाने की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर 1.6 लाख से ज्यादा लोग साइन कर चुके हैं.

टेस्ला के CEO एलन मस्क, Epic Games के CEO टिम स्वीनी और Y Combinator के CEO गैरी टैन ने भी इस अभियान का समर्थन किया है. मस्क ने तो यहां तक कहा कि वह खुद भी इस याचिका पर साइन करेंगे. इसके साथ ही एनवीडिया के निवेशकों ने भी कंपनी के बोर्ड से हुआंग की वापसी समेत सभी संभावनाओं पर विचार करने को कहा है.

कंपनी की एक दूसरी पर्व कर्मचारी वर्तिका सिंह ने भी हुआंग के साथ अपने एक्सपीरियंस शेयर किए हैं. उन्होंने बताया कि परिवार में मेडिकल इमरजेंसी के दौरान हुआंग ने उनका साथ दिया था. उन्होंने कर्मचारियों और रिसर्चर्स के साथ उनके जुड़ाव की भी तारीफ की.

ये भी पढ़ेंः गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया सबने लगाया पैसा, अब इस AI कंपनी के IPO पर टिकी दुनिया की नजर

ये भी पढ़ेंः Oppo Reno 17 सीरीज क्यों कर रही Google पर ट्रेंड? 200MP कैमरा और 8000mAh बैटरी ने खींचा सबका ध्यान

Related Articles

Back to top button